नमी भरे मौसम वाले शहरों में न करें ये स्किनकेयर वाली गलतियां, त्वचा रहेगी स्वस्थ
क्या है खबर?
मानसून के बाद उमस वाली गर्मी भी बढ़ जाती है, जिससे त्वचा चिपचिपी और तैलीय दिखने लगती है। हालांकि, अगर आप त्वचा की देखभाल से जुड़ी कुछ गलतियों से बचते हैं तो आपकी त्वचा खूबसूरत दिख सकती है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसी गलतियों के बारे में बताते हैं, जो नमी वाले शहरों में रहने वाले लोगों को नहीं करनी चाहिए, ताकि उनकी त्वचा को स्वस्थ रखा जा सके।
#1
बिना सनस्क्रीन लगाए बाहर निकलना
चाहे आप किसी भी मौसम में बाहर जा रहे हों, चेहरे पर सनस्क्रीन लगाना न भूलें। यह आपकी त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाने में मदद कर सकती है।
अगर आप नमी वाले मौसम में बाहर निकलते समय धूप से बचाने वाली सनस्क्रीन नहीं लगाते हैं तो इससे न सिर्फ त्वचा का प्राकृतिक तेल खत्म हो जाता है, बल्कि सूरज की किरणों के संपर्क में आने से जलन और झुर्रियां भी हो सकती हैं।
#2
भारी मेकअप करना
नमी वाले मौसम में भारी मेकअप करना भी गलत है, क्योंकि इससे त्वचा पर चिपचिपाहट और मुंहासें हो सकते हैं। इसके अलावा भारी मेकअप से त्वचा को हवा लगने में भी दिक्कत हो सकती है।
लाभ के लिए मेकअप करने से पहले चेहरे को अच्छी तरह से साफ करें और फिर हल्का मॉइस्चराइजर लगाएं।
इसके बाद त्वचा के रंग का टोनर और फिर हल्का फाउंडेशन लगाएं। साथ ही होंठों पर लगाने के लिए मैट लिपस्टिक का इस्तेमाल करें।
#3
बार-बार रगड़कर चेहरा साफ करना
त्वचा की देखभाल दिनचर्या का एक अहम हिस्सा है, लेकिन इसे हफ्ते में 2 बार से ज्यादा करने से बचें। दरअसल, इससे त्वचा की नमी खत्म हो सकती है और वह रूखी हो सकती है।
खासतौर से नमी वाले मौसम में तो इसे और भी ज्यादा करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इससे त्वचा को काफी नुकसान हो सकता है। ज्यादा रगड़कर चेहरे को साफ करने से त्वचा को नुकसान हो सकता है।
#4
गंदे मेकअप ब्रश से मेकअप करना
अगर आप गंदे मेकअप ब्रश से मेकअप करती हैं तो यह भी एक बड़ी गलती है। दरअसल, इससे चेहरे पर दाने और मुंहासे होने लगते हैं।
इसलिए, हर बार इस्तेमाल करने के बाद इनकी सफाई जरूर करें। इसके अलावा हफ्ते में कम से कम एक बार गुनगुने पानी और साबुन से इनकी सफाई करना न भूलें।
इससे आप त्वचा को स्वस्थ रख सकती हैं। ज्यादा पुराने होने पर उन्हें बदलना ठीक होगा।
#5
पानी की कमी होना
अगर आपको लगता है कि गर्मी के कारण आपको ज्यादा पानी पीने की जरूरत नहीं होती है तो आप गलत हैं।
नमी वाले मौसम में भी शरीर को पर्याप्त मात्रा में पानी की जरूरत होती है।
यह न सिर्फ शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है, बल्कि त्वचा को हाइड्रेट रखने में भी मदद कर सकता है। लाभ के लिए दिनभर में 8 से 10 गिलास पानी पीएं।