Page Loader
खूबसूरत समुद्र तटों के लिए करें इन 5 भारतीय जगहों का रुख 
भारत के खूबसूरत समुद्र तट

खूबसूरत समुद्र तटों के लिए करें इन 5 भारतीय जगहों का रुख 

लेखन अंजली
Apr 13, 2023
03:45 pm

क्या है खबर?

भारत में कई खूबसूरत समुद्र तट मौजूद हैं, जहां शहरी हलचल से दूर रहकर कुछ क्षण आराम करने, सूर्योदय और सूर्यास्त के नजारों का आनंद लेने के साथ-साथ साहसिक गतिविधियों का लुत्फ उठाया जा सकता है। यदि आप अपनी छुट्टियां परिवार, दोस्तों या अपने पार्टनर के साथ घूमने के लिए भारत के सबसे खुबसूरत समुद्र तटों की तलाश में हैं तो आइए आज हम आपको इसके लिए 5 प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं।

#1

गोवा

समुद्र तट की बात हो तो सबसे पहले नाम गोवा का ही आता है। गोवा देश के सबसे लोकप्रिय समुद्र तट स्थलों में से एक है। यहां के समुद्र तट सुनहरी रेत, ताड़ और नारियल के पेड़, मनोरम समुद्री भोजन के अलावा रोमांचकारी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों और देर रात की शानदार पार्टियों की मेजबानी के लिए प्रसिद्ध हैं। गोवा में अरंबोल, मोरजिम, मंड्रेम, अंजुना और बागा जैसे सुमद्र तट हैं, जहां आप अपनी छुटि्टयों का आनंद ले सकते हैं।

#2

अंडमान और निकोबार

अंडमान और निकोबार में आप समुद्र तट के कॉटेज, झोपड़ियों में आराम करने और प्राकृतिक सुंदरता में डूबने के अलावा तरह-तरह की साहसिक गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। वहां के हैवलॉक द्वीप का राधानगर समुद्र तट बहुत प्रसिद्ध है, जो भारत के सबसे अच्छे समुद्र तटों में से एक है। इसके अलावा वहां का एलिफेंट, काला पत्थर, चिड़ियाटापू, वंदूर, आमकुंज, लक्ष्मणपुर, विजयनगर और भरतपुर जैसे सुमद्र तट भी काफी लोकप्रिय हैं।

#3

तमिलनाडु

दुनिया का दूसरा सबसे लंबा शहरी समुद्र तट मरीना तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के मुख्य आकर्षणों में से एक है। अपनी छुट्टियों की यात्रा पर चेन्नई जाने के दौरान मरीना बीच की यात्रा करना सबसे अच्छा हो सकता है। अद्भुत समुद्र तट जीवन के अलावा, आप मरीना समुद्र तट पर विदेशी समुद्री जीवों से भरे एक मछलीघर को भी देख सकते हैं। वहां जाने का सबसे अच्छा समय नवंबर से फरवरी के बीच है।

#4

केरल

केरल का वर्कला समुद्र तट अरब सागर और हिन्द महासागर का हिस्सा है, जिसे पापनाशम समुद्र तट के नाम से भी जाना जाता है। पापनाशम का मतलब है, 'पापों का विनाश'। ऐसा माना जाता है कि इसमें नहाने से पापों का विनाश हो जाता है। यह समुद्र तट विशाल चट्टानों और ताड़ के पेड़ों से घिरा हुआ है और यहां आकर आप सूर्यास्त का मनोरम दृश्य देख सकते हैं। इसके अतिरिक्त, आप यहां वॉटर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठा सकते हैं।

#5

ओडिशा

ओडिशा के प्रमुख आकर्षणों में से एक पुरी समुद्र तट खूबसूरत ताड़ के पेड़ो से घिरा हुआ है। सूर्य मंदिर से 35 किलोमीटर और भुवनेश्वर से 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पुरी का समुद्र तट एक ही स्थान पर सुंदर सूर्योदय और सूर्यास्त देखने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। इस समुद्र तट के पास आप कई साहसिक गतिविधियों को करने के साथ ही समुद्री भोजन का भी आनंद उठा सकते हैं।