हर बार फट जाता है घर पर बना स्टफ्ड भटूरा? बनाते समय न करें ये गलतियां
क्या है खबर?
छोले के साथ खाया जाने वाले स्टफ्ड भटूरे का स्वाद हर किसी की जबान पर चढ़ा हुआ है। हालांकि, इसे घर पर बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। कई बार बनाने के बाद स्टफ्ड भटूरे फट जाते हैं, जिससे उनकी फिलिंग बाहर आ जाती है। ऐसा बनाते समय की जाने वाली कुछ आम गलतियों की वजह से हो सकता है। जब भी आप घर पर स्टफ्ड भटूरे बनाएं तो ये गलतियां करने से बचें। इससे भटूरे फूले हुए और लजीज बनेंगे।
#1
पानी और तेल का अधिक उपयोग करना
अगर स्टफ्ड भटूरों के लिए आटा गूंथते समय आप पानी और तेल का अधिक उपयोग करते हैं तो इससे आटे में नमी बढ़ जाती है। यह उनके टूटने या फट जाने की एक बड़ी वजह हो सकती है। इसलिए, स्टफ्ड भटूरों के लिए आटा गूंथते समय पानी और तेल का कम ही उपयोग करें। आटा गूंधते-गूंधते जरूरत के हिसाब से पानी और तेल डालते जाएं। एक साथ ही ज्यादा मात्रा में इन्हें न डालें।
#2
आटे को बहुत कड़ा गूंथना
आटे को बहुत कड़ा गूंथने से भी स्टफ्ड भटूरों के टूटने की संभावना बढ़ जाती है। अगर आप स्टफ्ड भटूरों के लिए आटे को बहुत कड़ा गूंथते हैं तो इससे भटूरों को बेलना मुश्किल हो जाता है और वे टूट जाते हैं। आटे को हमेशा नरम गूंथे, क्योंकि नरम आटे से स्टफ्ड भटूरों को बेलना आसान होता है और वे टूटते भी नहीं हैं। इसके लिए थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते जाएं और हल्के हाथों से ही धीरे-धीरे उसे मुलायम बनाएं।
#3
आटे को ठीक से तैयार न करना
आटे को ठीक से तैयार न करना भी स्टफ्ड भटूरों के फटने की एक बड़ी वजह बन सकता है। अगर आप आटे को ठीक से तैयार नहीं करते हैं तो इससे भटूरों का आकार बिगड़ जाता है और वे टूट जाते हैं। इसलिए, स्टफ्ड भटूरों के लिए आटे को हमेशा सही तरीके से तैयार करें। जब आप आटा गूंध लें तो उसे कुछ देर के लिए गीले कपड़े से ढककर रख दें। इस तरह आपके भटूरे फूले-फूले बनेंगे।
#4
तेल का सही तापमान न होना
अगर आप स्टफ्ड भटूरों को तलते समय तेल का तापमान सही नहीं रखते हैं तो इससे भी वे टूट सकते हैं। अगर तेल गर्म होगा तो भटूरा जल्दी पक जाएगा और टूटेगा नहीं। दूसरी ओर अगर तेल ठंडा होगा तो भटूरा धीरे-धीरे पकता है और उसके फटने की संभावना भी ज्यादा होती है। इसलिए, हमेशा मध्यम आंच पर तेल को गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए उसके बाद ही भटूरों को उसमें डालें।
#5
ज्यादा स्टफिंग करना
स्टफ्ड भटूरों के अंदर लोग आलू, पनीर और अन्य सब्जियों वाली स्टफिंग करते हैं। हालांकि, इन्हें बनाने के दौरान फिलिंग की मात्रा का ध्यान रखना बेहद अहम होता है। अगर आप भटूरे के अंदर बहुत ज्यादा फिलिंग कर देंगे तो वह तलने पर फट जाएगा। वहीं, कम स्टफिंग करने पर उसका स्वाद कम हो जाएगा। ऐसे में उतनी ही स्टफिंग करें, जिससे स्वाद भी अच्छा आए और भटूरा फटे भी न।