मानसून के दौरान न करें ये 5 चीजें, हो सकती है फूड पॉइजनिंग
क्या है खबर?
मानसून का मौसम कीटाणुओं के लिए बढ़िया होता है। ऐसे में खान-पान से जुड़ी कुछ गलतियां फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकती हैं। हालांकि, मानसून में फूड पॉइजनिंग का खतरा कम करने के लिए लोग कई तरह के उपाय अपनाते हैं, लेकिन फिर भी वे कुछ गलतियां कर देते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग हो जाती है। आइए आज हम आपको कुछ खाने की आदतें बताते हैं, जो मानसून में करने से बचानी चाहिए।
#1
बाहर का खाना खाने से बचें
बाहर से मिलने वाले खाने की सफाई का स्तर घर के खाने के मुकाबले काफी कम होता है, जिसके कारण पेट में संक्रमण और फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा इस तरह के खाने का स्वाद और गुणवत्ता भी सही नहीं होती है। ऐसे में बाहर के खाने से दूरी बनाकर घर पर साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए खाना बनाएं। इससे आप कई तरह की बीमारियों से बच सकते हैं।
#2
बिना धोए फल और सब्जियों का सेवन न करें
बिना धोए फल और सब्जियों का सेवन भी फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। इसलिए फल और सब्जियों को इस्तेमाल करने से पहले अच्छे से धो लें। इसके अलावा फल और सब्जियों को काटने के बाद उन्हें खुले में न रखें क्योंकि इससे उनमें कीटाणु पनपने लगते हैं। बेहतर होगा कि आप फल और सब्जियों को काटने के बाद उन्हें फ्रिज में रखें।
#3
पानी को उबालकर पिएं
मानसून में पानी के दूषित होने की संभावना अधिक होती है। इससे पेट में संक्रमण हो सकता है, जो फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। इसलिए मानसून में पानी का सेवन करने से पहले उसे उबालकर पीना बेहतर है। इससे पानी में मौजूद सभी हानिकारक कीटाणु मर जाते हैं। इसके अलावा पानी को उबालकर पीने से पेट की समस्याओं का खतरा भी कम हो जाता है।
#4
ताजे खाने का करें सेवन
मानसून में पाचन तंत्र की कार्यक्षमता धीमी हो जाती है, जिस वजह से ताजे खाने को पचाना आसान होता है। हालांकि, कई लोग खाने को एक बार बनाने के बाद उसे दोबारा गर्म करके खाना पसंद करते हैं। इससे खाने का स्वाद भले ही बढ़ जाए, लेकिन यह सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए खाने को दोबारा गर्म करके खाने से बचें और हमेशा ताजे खाने का ही सेवन करें।
#5
साफ-सफाई का रखें ध्यान
खाने की चीजों को साफ रखने के लिए सिर्फ पानी और साबुन ही काफी नहीं होते हैं, बल्कि आपको अपने रसोईघर की हर चीज को साफ और व्यवस्थित रखना चाहिए, खासतौर से किचन की सतह, सिंक और खाना पकाने की जगह को साफ रखना चाहिए। इसके अलावा कच्चे खाद्य पदार्थों को पके भोजन से दूर रखें। इसी के साथ कच्चे और पके भोजन को अलग-अलग रखने के लिए अलग-अलग डिब्बों का इस्तेमाल करें।