स्कूल खुलते ही बच्चे बीमार पड़ने लगते हैं? इन 5 बातों का रखें ध्यान
क्या है खबर?
स्कूल खुलने के बाद कई बच्चे बीमार पड़ जाते हैं। इसका कारण है कि स्कूल खुलने से बच्चों को कई नए कीटाणु और वायरस का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त स्कूल जाने के कारण बच्चे अपने खान-पान और सोने के रूटीन में भी बदलाव करते हैं, जिससे उनकी रोगों से लड़ने की ताकत कमजोर हो जाती है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स देते हैं, जिन्हें अपनाकर आप बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रख सकते हैं।
#1
हाथ धोने की आदत डालें
बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहले उन्हें हाथ धोने की आदत डालें।
स्कूल से घर आने के बाद और खाना खाने से पहले बच्चों को अपने हाथों को अच्छे से साबुन और पानी से धोने के लिए कहें।
इसके अतिरिक्त अगर आपका बच्चा स्कूल से बाहर किसी भी जगह पर गया हो तो उन्हें अपने हाथों को साफ करने के लिए कहें। इससे वे बीमारियों से सुरक्षित रहेंगे।
#2
टीकाकरण कराएं
बच्चों को स्कूल जाने से पहले जरूरी टीकाकरण करवा लें। इसके लिए अपने बच्चे के डॉक्टर से संपर्क करें और उनसे पूछें कि कौन-कौन सी वैक्सीन अभी बाकी है।
इसके अलावा अपने बच्चे को समय-समय पर फ्लू का टीका जरूर लगवाएं। इससे बच्चे में रोगों से लड़ने की ताकत मजबूत होगी और वह बीमारियों से सुरक्षित रहेगा।
साथ ही बच्चे को घर से स्कूल के लिए मास्क पहनकर भेजें।
#3
पानी पिलाएं
बच्चों को हाइड्रेटेड रखना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाने के साथ ही ताजे फलों का रस, नारियल पानी और दूध दें।
इसके अतिरिक्त बच्चों को ठंडी चीजों का सेवन करने से बचाएं क्योंकि ये उनकी रोगों से लड़ने की ताकत को कमजोर कर सकती हैं।
इस बात का भी ध्यान रखें कि बच्चे को गर्मियों में 8 से 10 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए।
#4
पौष्टिक आहार दें
बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए पौष्टिक आहार देना भी जरूरी है। बच्चे को भरपूर फल और सब्जियां खिलाएं क्योंकि इनमें विटामिन और मिनरल्स जैसे कई पोषक तत्व होते हैं।
इसके अतिरिक्त बच्चों को मटर, राजमा, छोले और दालें जैसी फलियां और सूखे मेवे भी खिलाएं।
पौष्टिक आहार बच्चों की रोगों से लड़ने की ताकत को मजबूती प्रदान कर सकता है और उन्हें कई बीमारियों से सुरक्षित रख सकता है।
#5
पर्याप्त नींद लेने दें
पर्याप्त नींद लेना भी बच्चों के लिए बहुत जरूरी है क्योंकि यह उनकी रोगों से लड़ने की ताकत को मजबूत बनाता है, जिससे वे जल्दी-जल्दी बीमार नहीं पड़ते हैं।
इसके लिए बच्चों को रोजाना 8 से 10 घंटे की नींद जरूर लेनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त सोने से पहले उन्हें मोबाइल और टीवी देखने से रोकें क्योंकि इससे उनकी नींद प्रभावित हो सकती है। साथ ही सोने से पहले उन्हें गर्म दूध पिलाएं।