Page Loader
बिस्कुट के शौकीन हैं? रोज खाने से पहले जान लीजिए उनके नकारात्मक प्रभाव 

बिस्कुट के शौकीन हैं? रोज खाने से पहले जान लीजिए उनके नकारात्मक प्रभाव 

लेखन सयाली
Mar 16, 2025
11:39 am

क्या है खबर?

सुबह-शाम चाय की चुस्कियां लेते-लेते बिस्कुट खाना किसे पसंद नहीं होता? यह बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी का पसंदीदा स्नैक होता है। हालांकि, ज्यादा मात्रा में या रोज-रोज बिस्कुट का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इनमें चीनी और मैदे जैसी सामग्रियां इस्तेमाल होती हैं, जो आपको मोटा कर सकती हैं। आज के लेख में हम आपको बिस्कुट के कुछ नकारात्मक प्रभावों के बारे में बताएंगे, जो आपको बीमार कर सकते हैं।

#1

चीनी से भरपूर

मीठे बिस्कुट बच्चों-बड़ों, सभी को बेहद पसंद होते हैं, लेकिन उनमें चीनी की मात्रा अधिक होती है। इसके कारण उन्हें ज्यादा खाने से ब्लूस शुगर का स्तर बढ़ सकता है। चीनी युक्त बिस्कुट खास तौर से मधुमेह पीड़ित लोगों के लिए बेहद नुकसानदायक होते हैं। बिस्कुट में मौजूद चीनी से कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें वजन बढ़ना, हृदय रोग होना और दांतों की समस्याएं शामिल हो सकती हैं।

#2

पाम ऑयल से लैस

ज्यादातर बिस्कुट पाम ऑयल का इस्तेमाल करके तैयार किए जाते हैं। यह सबसे सस्ते और अस्वास्थ्यकर तेलों में से एक है, जिससे बिस्कुट ज्यादा दिन तक खाने योग्य रहते हैं। हालांकि, इस तेल में 100 प्रतिशत वसा होती है, जिसका नियमित सेवन करने से हृदय रोग का जोखिम बढ़ सकता है। इस तेल में कैलोरी भी अधिक होती हैं, जो वजन बढ़ाने में योगदान देती हैं। साथ ही, इसके जरिए बनाए गए बिस्कुट शरीर में सूजन पैदा कर सकते हैं।

#3

सोडियम की मात्रा होती है अधिक

कॉन्सेनसस एक्शन ऑन साल्ट एंड हेल्थ (CASH) के अनुसार, मीठे बिस्कुट के हर 25 ग्राम के पैकेट में 0.4 ग्राम नमक होता है। अधिक मात्रा में नमक से भरपूर बिस्कुट खाने से रक्तचाप बढ़ सकता है और और हृदय गति रुकने का खतरा हो सकता है। सोडियम का ज्यादा सेवन करने से पानी की कमी भी हो सकती है, जिसके कारण शरीर में सूजन आ सकती है। साथ ही, सोडियम कान से जुड़ी समस्याओं का भी कारण बन सकता है।

#4

मैदे का होता है इस्तेमाल

बाजार में बिकने वाले लगभग सभी बिस्कुट मैदे से बने होते हैं। मैदे में पोषक तत्वों की कमी होती है और यह हमारे पेट के लिए बेहद नुकसानदायक होता है। इससे बने बिस्कुट का अधिक सेवन वजन बढ़ा सकता है और ब्लड शुगर के स्तर में भी वृद्धि ला सकता है। इतना ही नहीं, इसके कारण सूजन, दिल की बीमारियां और अपच की समस्या भी होने लगती हैं। जानिए शुगर-फ्री बिस्कुट का सेवन करना सच में फायदेमंद होता है?

जानकारी

प्रिजर्वेटिव्स से समृद्ध

बिस्कुट में ब्यूटाइलेटेड हाइड्रोक्सीएनिसोल (BHA) और ब्यूटाइलेटेड हाइड्रोक्सीटोल्यूइन (BHT) नामक प्रिजर्वेटिव्स होते हैं। ये दोनों ही ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा, बिस्कुट में सोडियम बेंजोएट भी होता है, जो दिल के लिए हानिकारक होता है।