स्वतंत्रता दिवस पर पुरूषों के लिए फैशन टिप्स, इन कपड़ों को करें ट्राई
क्या है खबर?
स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय त्योहार है जिसका जश्न लोग अपने-अपने तरीके से मनाते हैं और हर चीज से अपनी देशभक्ति की भावना उजागर करना चाहते हैं।
ऐसे में अगर पुरूष खुद को देश प्रेम के रंगों में रंगना चाहते हैं तो इस स्वतंत्रता दिवस पर वे कुछ खास आउटफिट को पहनकर देशभक्त के साथ-साथ स्टाइलिश भी लग सकते हैं।
चलिए फिर एक नजर उन परिधानों पर डालते हैं जो देशभक्ति की भावना को दर्शाते हैं।
#1
तिरंगे के रंग को बनाएं आउटफिट का हिस्सा
अगर लड़के ये सोचते हैं कि बाजार में तिरंगा रंग के आउटफिट सिर्फ लड़कियों के लिए उपलब्ध हैं तो उनका सोचना एकदम गलत है क्योंकि लड़कों के लिए भी इस रंग के कपड़े मौजूद हैं।
आजकल तिरंगे के डिजाइन वाली सफेद रंग की टी-शर्ट काफी ट्रेंड में है। आप भी इस तरह की टी-शर्ट अपनी किसी भी जींस के साथ पहनकर स्वतंत्रता दिवस पर स्मार्ट दिख सकते हैं।
#2
शॉर्ट कॉटन कुर्ता
अगर आप इस स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के रंग वाले कलेक्शन से हटकर एथनिक लुक कैरी करना चाहते हैं तो शॉर्ट कॉटन कुर्ता स्टाइल के मामले में सबसे सही माना जाता है।
इसको अधिकतर लड़के पहनना पसंद करते हैं। इसके अलावा गर्मी और उमस भरे मौसम के लिए इससे बेहतर कुछ और नहीं हो सकता।
अगर आप केसरिया रंग के शार्ट कॉटन कुर्ते को ब्लू जींस के साथ पहनेंगे तो यह आउटफिट आप पर काफी फबेगा।
#3
ट्राई करें फ्यूजन आउटफिट
अगर आप इस बार स्वतंत्रता दिवस पर कोई एथनिक आउटफिट नहीं पहनना चाहते हैं और कुछ हटकर ट्राई करने की सोच रहे हैं तो फ्यूजन ड्रेस ट्राई करना एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।
इसे फॉलो करते हुए आप केसरिया, सफेद या हरे रंग में से अपने मनपसंद रंग का कुर्ता पहन सकते हैं।
केसरिया रंग वाले कुर्ते के साथ धोती पेंट आप पर खूब फबेगी और इस पर पारंपरिक एंब्रॉयड्री हो तो सोने पर सुहागा हो जाएगा।
#4
खादी को दें अहमियत
अगर आप कुर्ता-पजामा पहनने का अच्छा खासा शौक रखते हैं और स्वतंत्रता दिवस पर भी कुर्ता-पजामा में ही अलग छटा बिखेरना चाहते हैं तो फिर इस बार खादी के कुर्ता-पजामा ट्राई कर सकते हैं।
देशभक्ति दर्शाने के लिए आप केसरिया या हरे रंग का खादी का कुर्ता पहन सकते हैं और इसके साथ सफेद रंग या मैचिंग का पजामा पहन सकते हैं। यह मौके के हिसाब से पूरी तरह मुफीद लगेगा।