त्योहारों के मौसम में हमेशा साथ रखें ये 5 स्किन केयर प्रोडक्ट्स, रहेंगे सुरक्षित
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम आते ही हर किसी के चेहरे पर खुशी छा जाती है, लेकिन इस दौरान त्वचा को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान त्वचा की देखभाल करना जरूरी है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे स्किन केयर प्रोडक्ट्स के बारे में बताते हैं, जिनकी आपको हर समय अपने पास रखने की जरूरत है ताकि त्योहारों के मौसम में आपकी त्वचा स्वस्थ और चमकदार दिखे।
#1
धूप से बचाव के लिए क्रीम का करें इस्तेमाल
त्योहारों के दौरान अधिकतर महिलाएं घर से बाहर रहती हैं और अधिक समय धूप में रहने से त्वचा को टैनिंग और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
इसलिए बेहतर होगा कि आप अपने पास एक अच्छी गुणवत्ता वाली सनस्क्रीन जरूर रखें और घर से बाहर निकलने से पहले इसे अपने चेहरे, गर्दन और हाथों पर अच्छे से लगाएं।
इसके साथ ही जब भी आप धूप में ज्यादा देर तक रहें तो हर 2 घंटे बाद इसे दोबारा लगाएं।
#2
ताजगी के लिए चेहरे पर टोनर का करें इस्तेमाल
त्योहारों के दौरान आपको कई बार मेकअप को ठीक करने की जरूरत पड़ सकती है।
ऐसे में अगर आपके पास टोनर स्प्रे है तो आपको मेकअप ठीक करने के लिए ज्यादा कुछ करने की आवश्यकता नहीं है।
दरअसल, यह चेहरे को ताजगी देने के साथ-साथ मेकअप को सेट करने में भी मदद कर सकता है। आप चाहें तो अपने पसंदीदा फूलों की पंखुड़ियों और पानी को मिलाकर घर पर भी यह स्प्रे बना सकते हैं।
#3
होंठों की देखभाल के लिए बाम को बनाएं अपने बैग का हिस्सा
त्योहारों के दौरान अधिकतर महिलाएं लिपस्टिक लगाती हैं, लेकिन अगर होंठ सूखे या फटे हो तो लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों की सूखापन को दूर करने के लिए बाम लगाना जरूरी है।
यह न केवल होंठों को नमी देने में मदद करेगा, बल्कि उन्हें स्वस्थ और चमकदार भी बनाएगा। इसलिए अपने बैग में हमेशा एक बाम जरूर रखें।
इसके अलावा रात को सोने से पहले होंठों पर बाम का इस्तेमाल जरूर करें।
#4
चेहरे की सफाई के लिए फेसवॉश को रखें अपने पास
त्योहारों के दौरान महिलाओं को अक्सर पार्टी या फिर अन्य कई कार्यक्रमों में भाग लेना पड़ता है।
ऐसे में अगर आप दिनभर बाहर रहकर थक गए हो तो रात में सोने से पहले अपने चेहरे को साफ करने के लिए फेसवॉश का इस्तेमाल जरूर करें।
इसके लिए आप अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार कोई फेसवॉश चुन सकती हैं। यह आपकी त्वचा को ताजगी और सफाई देगा।
#5
त्वचा को नमी देने के लिए क्रीम का करें इस्तेमाल
त्योहारों के दौरान त्वचा का रूखा होना एक आम बात है, खासकर जब आप बहुत देर तक मेकअप लगाकर रहती हैं। इसलिए अपने चेहरे को नमी देने के लिए क्रीम का इस्तेमाल जरूर करें।
यह आपकी त्वचा को पोषण देने के साथ-साथ इसे मुलायम और चमकदार बनाएगी। इस तरह से आपकी त्वचा त्योहारों के दौरान भी स्वस्थ और खूबसूरत बनी रहेगी।