त्योहारों के दौरान ज्यादा खाने की आदत से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम आते ही लोग अपने खान-पान में लापरवाह हो जाते हैं और इस कारण उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसका मुख्य कारण है कि त्योहारों पर तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान बनते हैं और ऐसे में खुद को ज्यादा खाने से रोक पाना मुश्किल हो जाता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप त्योहारों के दौरान ज्यादा खाने की आदत से बच सकते हैं।
#1
भूखे न रहें
त्योहारों पर लोग ज्यादा खाने की गलती तब करते हैं, जब वे भूखे होते हैं।
दरअसल जब आप भूखे होते हैं तो आपका मन किसी भी तरह का भोजन करने को कहता है और आप ज्यादा खा लेते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि आप त्योहारों के दौरान कभी भी भूखे न रहें।
इसके लिए आप अपने नाश्ते और दोपहर के भोजन के समय को थोड़ा आगे बढ़ा सकते हैं ताकि आपको भूख का सामना न करना पड़े।
#2
प्लेट में लें कम खाना
त्योहारों पर ज्यादा खाने से बचने के लिए अपनी प्लेट में कम खाना लें क्योंकि अगर आप प्लेट में ज्यादा खाना लेंगे तो आप उसे खत्म कर ही देंगे। इसलिए जब भी आप भोजन करें तो अपनी प्लेट में थोड़ा ही लें।
इसके अलावा आप अपनी प्लेट में सलाद और दही जैसी चीजें भी शामिल कर सकते हैं।
#3
धीरे-धीरे खाएं
खाने का आनंद लेने के लिए इसे धीरे-धीरे खाएं। ऐसा करने से आप कम मात्रा में खाना खाकर भी संतुष्टि का अनुभव कर सकते हैं और ज्यादा खाने से बच सकते हैं।
खाने का आनंद लेने के लिए आप इसे अपने परिवार या दोस्तों के साथ बैठकर खा सकते हैं। साथ ही खाने के दौरान बातचीत करें और अपने मोबाइल या टीवी जैसे उपकरणों से दूर रहें।
#4
सेहतमंद विकल्प चुनें
अधिकतर त्योहारों पर मिठाइयां ही बनाई जाती हैं और लोग इसे बड़े ही चाव से खाते हैं। ऐसे में अगर आपको मीठा खाने का बहुत शौक है तो त्योहारों पर हलवा, पेठा, रबड़ी या फिर अन्य सेहतमंद मिठाइयां बनाएं।
इसके अतिरिक्त आप गुड़, खजूर, किशमिश, मखाने और बादाम जैसी चीजों से भी मीठे व्यंजन बना सकते हैं। त्योहारों पर सेहतमंद मिठाइयां भी बना सकते हैं।
#5
शारीरिक सक्रियता को बनाए रखें
त्योहारों के दौरान लोग अपनी दिनचर्या को पूरी तरह बदल देते हैं और काफी समय तक बैठकर खाते रहते हैं। इससे शारीरिक सक्रियता काफी कम हो जाती है, जो वजन बढ़ने का कारण बन सकती है।
इसलिए खुद को शारीरिक रूप से सक्रिय रखने के लिए रोजाना 30 से 45 मिनट तक कसरत करें। इसके लिए आप योग, जॉगिंग, दौड़ना, साइकिल चलाना या फिर कोई खेल खेल सकते हैं।