त्योहारों के दौरान खुद को तरोताजा महसूस कराने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम नजदीक आ गया है और इस बार दुर्गा पूजा से लेकर दिवाली तक कई त्योहारों को मनाने के लिए एक ही हफ्ता बचा है। ऐसे में कई लोग अपने काम के साथ-साथ त्योहारों की तैयारियों में काफी व्यस्त रहते हैं, जिससे वे खुद की देखभाल नहीं कर पाते। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप त्योहारों के दौरान खुद को तरोताजा महसूस कर सकते हैं।
#1
खाने में शामिल करें मौसमी फल और सब्जियां
त्योहारों के दौरान कई लोग तरह-तरह के तले और मीठे व्यंजनों का सेवन कर लेते हैं, जिससे उनका वजन बढ़ सकता है और वे सुस्त महसूस करने लगते हैं। इसलिए खाने में मौसमी फल और सब्जियों को शामिल करें।
ये सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं और शरीर को साफ करने में मदद कर सकते हैं।
इसके अलावा मौसमी फल और सब्जियां पाचन को दुरुस्त रख सकती हैं।
#2
अच्छी नींद लें
त्योहारों की तैयारियों में अधिकतर लोग इतनी व्यस्त हो जाते हैं कि उनके पास अपनी सेहत के लिए भी समय नहीं होता। इससे उन्हें थकान और आलस जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
इसे दूर करने के लिए अच्छी नींद लें। इसके लिए सोने से पहले मोबाइल और टीवी देखने से बचें और अपने बिस्तर को आरामदायक बनाएं।
अगर आप सोने से पहले दूध पीते हैं तो उसे भी अपनी दिनचर्या में शामिल कर लें।
#3
खुद के लिए समय निकालें
त्योहारों के दौरान खुद के लिए समय निकालना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन ऐसा करना आपके लिए जरूरी है।
खुद के लिए समय निकालकर आप अपनी पसंदीदा चीजें कर सकते हैं, फिर चाहें वह किताब पढ़ना हो या फिर अपने पसंदीदा गाने पर नाचना हो।
आप चाहें तो खुद को तरोताजा रखने के लिए योग की भी मदद ले सकते हैं। इससे आप तरोताजा महसूस करेंगे।
#4
पानी पीते रहें
तरल पदार्थों का सेवन न केवल आपके शरीर को हाइड्रेट रखता है, बल्कि ये आपको तरोताजा भी महसूस करवा सकता है। इसलिए अपने शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।
साथ ही नारियल पानी और ताजे फलों के रसों का भी सेवन करें।
इसके अलावा खाने में छाछ और नींबू पानी जैसी चीजें भी शामिल करें। यह आपके शरीर को ठंडक पहुंचाएगा और आपको चुस्त रखेगा।
#5
एक्सरसाइज करना न छोड़ें
दिखने में भले ही आपको लगे कि आप बहुत ज्यादा व्यस्त हैं, लेकिन रोजाना कुछ मिनट निकालकर एक्सरसाइज करना न छोड़ें। इससे आपका शरीर तरोताजा रहेगा और आप ऊर्जावान महसूस करेंगे।
अगर आपके लिए रोजाना एक ही तरह की एक्सरसाइज करना मुश्किल हो रहा है तो हफ्ते में 5 दिन हल्की एक्सरसाइज करें और 2 दिन योग या स्ट्रेचिंग करें।
ऐसा करने से आपका शरीर फिट रहेगा और आप तरोताजा भी महसूस करेंगे।