ज्यादा मोबाइल चलाने वाले किशोरों के दिमाग का याददाश्त से जुड़ा हिस्सा होता है छोटा- अध्ययन
क्या है खबर?
आज के समय में किशोर मोबाइल के आदी होते जा रहे हैं और हर काम के लिए उस पर निर्भर हो गए हैं। इसका असर अब उनकी याददाश्त पर भी पड़ रहा है। एक हालिया अध्ययन से सामने आया है कि जो किशोर फोन और टैबलेट पर ज्यादा समय बिताते हैं, उनके दिमाग का एक गहरा हिस्सा छोटा हो जाता है। यह हिस्सा याददाश्त से जुड़ा होता है। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।
अध्ययन
ज्यादा मोबाइल चलाने से बड़ा हुआ दिमाग का एक अहम हिस्सा
यह अध्ययन फिनलैंड में किया गया है, जिसे 'न्यूरोइमेज: रिपोर्ट्स' नाम की पत्रिका में प्रकाशित किया गया है। इससे यह भी खुलासा हुआ कि स्क्रीन का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने वाले किशोरों के फ्रंटल लोब के कुछ हिस्सों का आकार बड़ा पाया गया।
ये हिस्से योजना बनाने, ध्यान केंद्रित करने और आत्म-नियंत्रण से जुड़े होते हैं। यह नतीजा उस धारणा को चुनौती देता है कि फोन का इस्तेमाल करना हमेशा हानिकारक ही होता है।
जांच
किशोरों के दिमाग को किया गया स्कैन
इस अध्ययन में 16 से 19 साल की उम्र के 44 स्वस्थ किशोरों को शामिल किया गया, जिनमें 25 लड़कियां और 19 लड़के थे। इन किशोरों की सेहत पर बचपन से नजर रखी गई थी और इनके दिमाग का मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI) करवाया गया था।
इसके बाद शोधकर्ताओं ने उनके दिमाग के 100 से ज्यादा अलग-अलग हिस्सों को मापने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया और इन मापों की तुलना हर किशोर की बताई गई आदतों से की।
प्रक्रिया
किशोरों से पूछे गए थे कई सवाल
किशोरों ने एक प्रश्नावली भरी, जिसमें पूछा गया था कि वे दिन में कितने घंटे फोन, टैबलेट, कंप्यूटर और टीवी पर बिताते हैं। औसतन, प्रतिभागियों ने बताया कि वे रोजाना कुल मिलाकर 9 घंटे से ज्यादा समय स्क्रीन के सामने बिताते हैं।
लड़कियों की तुलना में लड़के कंप्यूटर का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद उनसे उनकी दैनिक शारीरिक गतिविधि के बारे में पूछा गया और उनकी फिटनेस की जांच की गई।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
नतीजों के मुताबिक, स्क्रीन के आगे ज्यादा समय बिताने से मीडियल टेम्पोरल लोब का आकार छोटा हुआ, जो दिमाग का याददाश्त से जुड़ा हिस्सा है।
वहीं, स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने से फ्रंटल लोब के 2 हिस्सों का आकार बढ़ा, जो चलने-फिरने की योजना बनाने और निर्णय लेने का काम करते हैं।
असर में अंतर होने का कारण यह हो सकता है कि स्क्रीन पर बिताया गया सारा समय दिमाग पर एक जैसा प्रभाव नहीं डालता।