Page Loader
मशहूर बॉडीबिल्डर जो लिंडनर 'एन्यूरिज्म' और 'रिपलिंग मसल रोग' से थे ग्रस्त, जानिए इनके बारे में 
जर्मन बॉडीबिल्डर जो लिंडनर का 30 की उम्र में हुआ निधन

मशहूर बॉडीबिल्डर जो लिंडनर 'एन्यूरिज्म' और 'रिपलिंग मसल रोग' से थे ग्रस्त, जानिए इनके बारे में 

लेखन गौसिया
Jul 02, 2023
02:38 pm

क्या है खबर?

जर्मनी के मशहूर बॉडीबिल्डर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जो लिंडनर का 30 साल की उम्र में निधन हो गया है। इस बात की जानकारी उनके दोस्तों और प्रेमिका ने सोशल मीडिया के जरिये दी और बताया कि लिंडनर का निधन एन्यूरिज्म के कारण हुआ है। इसके अलावा लिंडनर रिपलिंग मसल्स रोग से भी ग्रस्त थे। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद यह जानकारी दी थी। आइये आज इन्हीं दोनों दुर्लभ स्थिति के बारे में जानते हैं।

बीमारी

क्या है एन्यूरिज्म?

एन्यूरिज्म एक गंभीर बीमारी है, जिसे धमनी विस्फार या धमनीस्फीति भी कहा जाता है। यह बीमारी दिमाग, पैर और पेट में होती है। इसमें खून की नसों में कमजोरी आ जाती है, जिसकी वजह से प्रभावित हिस्से में खून जमा होने लगता है और वहां सूजन आ जाती है। इसमें दिल की धड़कन अचानक बढ़ जाती है और नसें भी दर्द करने लगती हैं। इस बीमारी के कारण कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।

जानकारी

क्या हैं एन्यूरिज्म के लक्षण?

इस बीमारी के लक्षणों में शरीर के किसी भी अंग का काम करना बंद होना, दिल की धड़कन बढ़ जाना, नसों में तेज दर्द होना, चक्कर आना, सिरदर्द, गर्दन में दर्द होना, आंख के पास दर्द महसूस होना और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं होती हैं।

रोग

क्या है रिपलिंग मसल रोग?

अमेरिकी सरकार के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ से जुड़े जेनेटिक एंड रेयर डिजीज इंफॉर्मेशन सेंटर (GARD) के मुताबिक, रिपलिंग मसल रोग (RMD) एक न्यूरोमस्कुलर विकार है। यह मांसपेशियों में खिंचाव और टकराव की वजह से होने वाले तनाव के कारण होता है। यह एक दुर्लभ स्थिति है, जो मुख्य रूप से मांसपेशियों को प्रभावित करती है। GARD का कहना है कि यह रोग CAV3 जीन में परिवर्तन के कारण हो सकता है।

जानकारी

क्या हैं RMD के लक्षण?

इस दुर्लभ बीमारी में मांसपेशियों में मरोड़, अकड़न, दर्द, ऐंठन, कमजोरी और थकान जैसे लक्षण नजर आते हैं। ये लक्षण नजर आते ही डॉक्टरों से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।

तथ्य

लिंडनर के बारे में कुछ तथ्य

लिंडनर एक जर्मन बॉडीबिल्डर थे। वह एक फिटनेस मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर थे, जो फिटनेस से संबंधित टिप्स और ट्रिक्स बताते रहते थे। वह एक निजी प्रशिक्षण ऐप एलियन गेन्स के मालिक थे। बॉडीबिल्डिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने एक क्लब में बाउंसर के तौर पर काम किया था। लिंडनर के प्रशंसक अक्सर उनकी शारीरिक बनावट की तुलना अभिनेता और पूर्व बॉडीबिल्डर अर्नोल्ड श्वार्जनेगर से करते हैं।