बसंत पंचमी के दिन पूजा के समय आप पहन सकती हैं ये 5 पीले पारंपरिक परिधान
क्या है खबर?
बसंत पंचमी का पर्व हिंदु धर्म में विशेष महत्व रखता है, जो इस साल 23 जनवरी को मनाया जाएगा। मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन ज्ञान और संगीत की देवी मां सरस्वती का जन्म हुआ था। इस त्योहार पर पीला रंग शुभ माना जाता है। अगर आप इस दिन पीले परिधान पहनेंगी तो मां सरस्वती प्रसन्न होंगी, क्योंकि यह उनका पसंदीदा रंग है। आज के फैशन टिप्स में हम आपको बसंत पंचमी के दिन पहनने लायक पीले परिधानों के सुझाव देंगे।
#1
पीली कुर्ती और धोती पैंट
सरस्वती पूजा के समय पहनने के लिए पीली कुर्ती और धोती पैंट आदर्श आउटफिट हो सकता है। धोती पैंट पारंपरिक भारतीय धोती का एक मॉडर्न रूप है, जो पुरानी सांस्कृतिक जड़ों को आज के फैशन के साथ जोड़ती है। इसके साथ कुर्ती का मेल बेहद शानदार रहेगा और आपको खूबसूरत लुक देगा। इस लुक के साथ बड़े झुमके पहनें और पैरों में पायल भी सजा लें। इस आउटफिट के साथ जूती सबसे अच्छी लगेंगी।
#2
पीला को-ऑर्ड सेट और जैकेट
इन दिनों को-ऑर्ड सेट बहुत प्रचिलित हो रहे हैं, जो बसंत पंचमी के मौके पर भी अच्छे लगेंगे। इस दिन आपको पीले रंग का को-ऑर्ड सेट ही चुनना चाहिए। आप प्लाजो पैंट और क्रॉप टॉप या फिर अंगरखा कुर्ती और पैंट वाला को-ऑर्ड सेट पहन सकती हैं। अगर आउटफिट में थोड़ी कढ़ाई भी हो तो आप और भी सुंदर लगेंगी। लुक को पूरा करने के लिए ऊपर से पीले रंग की लंबी पारंपरिक जैकेट लेयर कर लें।
#3
पीला और सफेद पटियाला सूट
पटियाला सूट कभी फैशन से बाहर नहीं होता। ऐसे में यह बसंत पंचमी के लिए बढ़िया आउटफिट हो सकता है। आप पीले और सफेद रंग वाला पटियाला सूट पहन सकती हैं, जो जीवंत लगेगा। इसके ऊपर दोनों रंग वाला शिफॉन का दुपट्टा ओढ़ें, जो लुक में चार चांद लगा देगा। इस तरह के सूट के साथ जूती पहनें, जिससे आपको पंजाबी लुक मिल जाएगा। साथ में चांद बालियां, चूड़ियां और पतली चेन पहन लें।
#4
पीली कॉर्सेट कुर्ती और स्कर्ट
पिछले कुछ महीनों में कॉर्सेट कुर्तियों की लोकप्रियता बहुत बढ़ गई है। यह शार्ट कुर्ती होती हैं, जिन्हें पीछे से बांधकर टाइट किया जा सकता है। इस कुर्ती के साथ आपको स्कर्ट पहननी चाहिए, जिससे लहंगे जैसा आउटफिट बन जाएगा। आप पीली कुर्ती पर सफेद स्कर्ट या सफेद कुर्ती पर पीली स्कर्ट का मेल बैठा सकती हैं। यह आउटफिट स्टाइलिश होने के साथ-साथ बेहद आरामदायक भी होगा। लुक को पूरा करने के लिए बड़ी बालियां पहनें।
#5
पीली साड़ी
अगर आप सादगी भरा और खूबसूरत लुक चाह रही हैं तो साड़ी से अच्छा और कुछ नहीं हो सकता। यह परिधान सरस्वती पूजा के लिए सबसे आदर्श रहेगा। आप शिफॉन, चिकनकारी, कॉटन या सिल्क आदि में से अपनी पसंद की साड़ी पहन सकती हैं। हालांकि, साड़ी का रंग पीला ही चुनें, जो इस पर्व के सार को व्यक्त करेगा। आप चाहें तो कंट्रास्ट वाली साड़ी भी ले सकती हैं, जो आपको और खूबसूरत दिखाएगी।