कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में सहायक हैं ये 5 तरीके
क्या है खबर?
कोलेस्ट्रॉल एक प्रकार का चर्बी है, जो खून में पाया जाता है। इससे दिल की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा यह शरीर के कई अंगों को प्रभावित करता है। आमतौर पर कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए दवाओं का सहारा लिया जाता है, लेकिन आप चाहें तो खाने-पीने में थोड़ा बदलाव करके और कुछ आसान तरीके अपनाकर भी इसे कम कर सकते हैं। आइए कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने वाले तरीके जानते हैं।
#1
रोजाना करें 30 मिनट पैदल चलना
दिल को स्वस्थ रखने में पैदल चलना बहुत मदद कर सकता है। रोजाना सुबह या शाम 30 मिनट पैदल चलने से शरीर में मौजूद 'खराब' कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिल सकती है। यह शरीर में मौजूद 'अच्छे' कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में भी मदद कर सकता है। इसके अलावा पैदल चलने से खून में शक्कर के स्तर को नियंत्रित रखने में भी मदद मिल सकती है।
#2
खाने में शामिल करें रेशेदार चीजें
कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में रेशेदार चीजें काफी मदद कर सकती हैं। रेशेदार चीजें पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करती हैं और इन्हें पचाने के लिए ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है, जिससे शरीर में मौजूद अतिरिक्त चर्बी को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप अपनी खाने में साबुत अनाज, फल, सब्जियां और फलियां जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं।
#3
हफ्ते में 5 बार करें 30 मिनट तक एक्सरसाइज
दिल को स्वस्थ रखने के लिए एक्सरसाइज करना भी फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए आप दौड़ना, साइकिल चलाना, सीढ़ियां चढ़ना, रस्सी कूदना, तैराकी या फिर कोई भी खेल खेल सकते हैं। हफ्ते में 5 बार 30 मिनट तक व्यायाम करने से शरीर में मौजूद 'खराब' कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही इससे शरीर में मौजूद 'अच्छे' कोलेस्ट्रॉल को बढ़ावा मिल सकता है।
#4
तनाव को करें दूर
तनाव कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकता है, इसलिए जितना संभव हो उतना तनावमुक्त रहने की कोशिश करें। इसके लिए आप ध्यान कर सकते हैं, लेकिन यह सुनिश्चित करें कि ध्यान सही तरीके से हो। ध्यान के अलावा आप अपने दिन की शुरुआत कुछ मिनट की गहरी सांस लेने से भी कर सकते हैं। इससे आपका मन शांत रहेगा और शरीर में तनाव हार्मोन का स्तर कम होगा।
#5
धूम्रपान और शराब का सेवन न करें
अगर आपको कोलेस्ट्रॉल की समस्या है तो धूम्रपान और शराब का सेवन करना छोड़ दें। इनमें मौजूद हानिकारक तत्व शरीर में 'खराब' कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा ये बीमारियों के जोखिम को भी बढ़ा सकते हैं। इसलिए इनका सेवन न करें। अगर आप धूम्रपान करते हैं तो इसे धीरे-धीरे कम करने की कोशिश करें और शराब का सेवन बिल्कुल न करें।