गर्मियों के दौरान मुंहासों से बचने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके, होगा फायदा
क्या है खबर?
गर्मियों में उमस और पसीने के कारण त्वचा पर मुंहासे हो सकते हैं। यह समस्या सिर्फ किशोरों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा और वयस्कों में भी आम है। इस मौसम में पसीना, गंदगी और बैक्टीरिया त्वचा के छिद्रों को बंद कर सकते हैं, जिससे मुंहासे हो सकते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप गर्मियों के दौरान मुंहासों से बच सकते हैं।
#1
नियमित तौर पर चेहरा धोएं
हर दिन दो बार, सुबह और रात को अपने चेहरे को धोएं। इसके लिए आप किसी भी हल्के फेसवॉश का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपकी त्वचा साफ रहेगी और गंदगी, तेल और बैक्टीरिया के कारण होने वाले मुंहासों से बचाव होगा। चेहरा धोने के लिए गर्म पानी का उपयोग न करें क्योंकि इससे त्वचा का प्राकृतिक तेल प्रभावित हो सकता है। इसके बजाय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और उसके बाद चेहरे को मुलायम तौलिये से पोंछें।
#2
त्वचा की गहराई से सफाई करें
त्वचा की सफाई करने से त्वचा की मृत कोशिकाएं हटती हैं और छिद्र साफ होते हैं। आप हफ्ते में एक या दो बार स्क्रब का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए चीनी, नमक या किसी अन्य प्राकृतिक स्क्रब का चयन करें। हालांकि, ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा स्क्रब करने से त्वचा पर जलन हो सकती है, इसलिए इसे धीरे-धीरे और हल्के हाथों से करें। इसके अलावा आप चाहें तो दाल और दूध से भी स्क्रब बना सकते हैं।
#3
मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करना न भूलें
बहुत से लोग यह मानते हैं कि तैलीय त्वचा पर मॉइस्चराइजर लगाने से मुंहासे बढ़ सकते हैं, लेकिन यह सच नहीं है। सही प्रकार का मॉइस्चराइजर आपकी त्वचा को नमी देता है और त्वचा का संतुलन बनाए रखता है। इसके लिए जेल बेस्ड मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें क्योंकि ये हल्के होते हैं और त्वचा को ताजगी देते हैं। इसके अलावा ये त्वचा को तैलीय भी नहीं बनाते हैं।
#4
धूप से बचाव करें
धूप से बचाव हर मौसम में जरूरी है, खासकर गर्मियों में। सूरज की किरणें आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं और मुंहासों को बढ़ा सकती हैं। रोजाना 30 एसपीएफ या उससे अधिक की सनस्क्रीन लगाएं। इसे अपने चेहरे, हाथों और गर्दन पर लगाएं। अगर आप बाहर ज्यादा समय बिताते हैं तो हर 2-3 घंटे बाद सनस्क्रीन लगाना न भूलें। इसके अलावा धूप में निकलते समय टोपी पहनें और छाता साथ रखें।
#5
खान-पान का रखें ध्यान
गर्मियों में तैलीय त्वचा वाले लोगों को ताजे फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। ऐसी चीजें खाएं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन और खनिज हों। इसके अतिरिक्त अपने खान-पान में प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को भी शामिल करें। जंक फूड और तैलीय चीजों से बचें क्योंकि ये मुंहासों का कारण बन सकते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं ताकि आपकी त्वचा में नमी बनी रहे और शरीर से हानिकारक तत्व बाहर निकल जाएं।