गर्मियों के दौरान सिर की त्वचा से निकलता है ज्यादा तेल? इन तरीकों से करें कम
क्या है खबर?
गर्मियों में सिर से ज्यादा तेल निकलने की समस्या आम है। यह परेशानी खासकर उन लोगों को ज्यादा झेलनी पड़ती है, जिनके बाल लंबे होते हैं। ज्यादा तेल निकलने के कारण बाल चिपचिपे और अस्वस्थ नजर आते हैं और रूसी भी हो सकती है। इस समस्या से निपटने के लिए बालों की देखभाल के कुछ सरल और असरदार तरीके अपनाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं कि कैसे आप सिर की त्वचा से तेल कम कर सकते हैं।
#1
हफ्ते में 2 बार बाल धुलें
गर्मियों के दौरान तेल और पसीना सिर में भर जाता है, जिसकी वजह से बाल चिपचिपे हो जाते हैं। ऐसे में आपको एक नहीं, बल्कि हफ्ते में 2 बार अपने बाल धोने की जरूर पड़ सकती है। ऐसा करने से बालों में गंदगी, पसीना और तेल नहीं भरेगा और रोमछिद्रों की भी गहराई से सफाई होती रहेगी। अगर आपके बालों में तेल लगा हुआ है तो उन्हें नाहते समय कम से कम 2 बार अच्छी तरह धो लें।
#2
हल्के शैंपू का उपयोग करें
सिर धोने के लिए हल्के शैंपू का उपयोग करें, जो बालों की प्राकृतिक नमी को बनाए रखे। भारी रासायनिक तत्वों वाले शैंपू से बचें, क्योंकि ये बालों की जड़ों को कमजोर कर सकते हैं। हल्के शैंपू से न केवल आपके बाल साफ रहेंगे, बल्कि उनमें चमक भी बनी रहेगी। इसके अलावा हल्के शैंपू का उपयोग करने से सिर पर तेल का संतुलन भी बना रहता है, जिससे बाल ज्यादा स्वस्थ और सुंदर दिखते हैं।
#3
रूसी मिटाने वाले शैंपू का करें इस्तेमाल
रूसी मिटाने वाले शैंपू का चयन करते समय ध्यान रखें कि वह आपके बालों के प्रकार और समस्या के अनुसार हो। अगर आपको तैलीय रूसी है तो सल्फर या जिंक युक्त शैंपू चुनें, वहीं सूखी रूसी के लिए चायपत्ती या नीम युक्त शैंपू बेहतर होते हैं। इन शैंपू का उपयोग करने से रूसी की समस्या कम होती है और बाल स्वस्थ रहते हैं। इसके अलावा ये शैंपू सिर की त्वचा को भी साफ बनाए रखते हैं।
#4
तेल लगाना कम करें
बालों में तेल लगाना फायदेमंद होता है, लेकिन गर्मियों में ज्यादा तेल लगाना सही नहीं रहता। जब आप रात में सोते हैं तो शरीर का तापमान बढ़ जाता है, जिससे सिर से ज्यादा पसीना निकलता है। इसलिए, बालों में तेल लगाने के बाद सोने की गलती न करें। इसके अलावा हफ्तेभर तेल लगाकर रहने से बचें। जिस दिन आप बाल धोने वाले हों, उसी दिन तेल लगाएं और एक घंटे बाद बालों को साफ कर लें।
#5
हेयर स्प्रे का सीमित उपयोग करें
हेयर स्प्रे का ज्यादा उपयोग करने से भी बालों पर गलत असर पड़ सकता है। इससे बाल चिपचिपे नजर आते हैं और तेल उत्पादन बढ़ जाता है। इसलिए, हेयर स्प्रे का सीमित उपयोग करें और केवल जरूरत पड़ने पर ही इसका इस्तेमाल करें। इन सरल तरीकों को अपनाकर आप गर्मियों में निकलने वाले ज्यादा तेल से छुटकारा पा सकते हैं और अपने बालों को स्वस्थ और चमकदार बना सकते हैं।