इस तरह से साफ करें अपने मोटे और भारी कंबल, बनी रहेगी उनकी गर्माहट
क्या है खबर?
जैसे ही सर्दियां आती हैं, सभी अलमारियों में रखे मोटे-मोटे कंबल निकाल लेते हैं। रखे-रखे इन पर धूल जम जाती है, जो इन्हें गंदा कर देती है। ज्यादा इस्तेमाल करने से भी कंबल गंदे हो जाते हैं। ऐसे में लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि इन भारी-भरकम कंबलों को कैसे साफ किया जाए। आज सर्दियों के टिप्स में हम आपको कंबल धुलने का सही तरीका बताएंगे, जिससे उनकी गुणवत्ता पर असर नहीं पड़ेगा और उनकी गर्माहट बनी रहेगी।
#1
ड्राई क्लीन करवाएं
कंबल साफ करने का सबसे सुविधाजनक और सुरक्षित तरीका उनकी ड्राई क्लीन करवाना है। इससे ऊनी या कोमल कपड़े वाले कंबल के सिकुड़ने का डर नहीं रहता है। ड्राई क्लीन में पेशेवर लोग कपड़े को नुकसान पहुंचाए बिना एलर्जी पैदा करने वाले कणों और दागों को हटा देते हैं। इससे कंबल मुलायम और गर्म रहता है। साथ ही लंबे समय तक नए जैसा भी रहता है। इस तरीके से आपके कंबल एकदम नए जैसे लगने लगेंगे।
#2
लेबल पढ़ें
हर कंबल पर लेबल लगा होता है, जिस पर उसकी देख-रेख करने और धुलने के निर्देश लिखे होते हैं। उसे पढ़ना न भूलें, ताकि आपको पता चल सके कि आपका कंबल किस तरह साफ किया जाना चाहिए। अगर लेबल पर पानी से भरी बाल्टी का प्रतीक बना है तो उसे वाशिंग मशीन में धो सकते हैं। हाथ का निशान बताता है कि कंबल को हाथों से धोना चाहिए। क्रॉस चिह्न का मतलब है कि ब्लीच का इस्तेमाल नहीं करना है।
#3
झाड़ें और दाग साफ करें
अगर आपका कंबल थोड़ा गंदा है तो उसे पानी से धोना जरूरी नहीं है, तो आप उसे छत पर ले जाकर झाड़ सकते हैं। ऐसा करने से उसमें मौजूद धूल-मिट्टी साफ हो जाएगी। अब कंबल को कपड़े सुखाने वाली रस्सी पर टांगें और कुछ देर धूप में सूखने दें। ऐसा करने से उसमें मौजूद बैक्टीरिया मर जाएंगे और उससे आने वाली दुर्गंध भी दूर हो जाएगी। छोटे-मोटे दाग डिटर्जेंट और ब्रश की मदद से हट जाएंगे।
#4
हाथ से धोएं
अगर आपके कंबल कॉटन या माइक्रोफाइबर से बने हैं, तो आप उन्हें वाशिंग मशीन में ही धो लें। हालांकि, ऊनी कंबल को अपने हाथों से ही साफ करना सही रहेगा। एक टब में ठंडा पानी भरें और उसमें डिटर्जेंट घोल लें। अपने कंबल को इसमें डालकर हिलाएं और कुछ देर भीगने दें। एक ब्रश की मदद से कंबल को थोड़ा घिसें और दबाकर पानी निचोड़ दें। उसे निचोड़ने की गलती न करें, वर्ना वह खराब हो जाएगा।
#5
अच्छी तरह सुखाएं
अगर आपके कंबल के लेबल पर लिखा है कि उसे मशीन में सुखाया जा सकता है तो ऐसा ही करें। हालांकि, ज्यादा सुरक्षित तरीका होगा उसे हवा से सूखने दें। कंबल को छत या बालकनी में ऐसी जगह पर टांग दें, जहां सीधी धूप आती हो। इसके अलावा आप ड्रायर का इस्तेमाल करके भी कंबल को सुखा सकते हैं। हालांकि, ड्रायर की सेटिंग कम पर रखें और उसे कंबल के ज्यादा नजदीक लेकर न जाएं।