LOADING...
धनतेरस पर भूलकर भी न खरीदें ये 5 चीजें, बन सकती हैं अशांति का कारण

धनतेरस पर भूलकर भी न खरीदें ये 5 चीजें, बन सकती हैं अशांति का कारण

लेखन सयाली
Oct 16, 2025
09:46 pm

क्या है खबर?

18 अक्टूबर को धनतेरस मनाया जाएगा, जिसे धन्वन्तरि त्रयोदशी या धनत्रयोदशी भी कहते हैं। यह त्योहार धन और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर जी को समर्पित है। इस दिन लोग वैभव और सुख-शांति की प्राप्ति के लिए सोना-चांदी, नए कपड़े, गहने, बर्तन और झाड़ू आदि खरीदते हैं। कई लोग इस दिन कुछ ऐसी वस्तुएं खरीदने की भी गलती कर बैठते हैं, जो अशांति का कारण बनती हैं। धनतेरस पर भूलकर भी ये चीजें न खरीदें।

#1

घी या तेल

घी और तेल का इस्तेमाल खान-पान में रोजाना होता है। साथ ही इन दोनों सामग्रियों से धनतेरस पर दीपक भी जलाए जाते हैं। हालांकि, इस पर्व पर घी और तेल खरीदना अशुभ माना जाता है। इन्हें 'बह जाने वाली' चीजों के रूप में देखा जाता है। मान्यताओं के अनुसार, इन्हें खरीदने से पैसों से जुड़ी परेशानियां या अस्थिरता आ सकती है। धनतेरस से एक दिन पहले या एक दिन बाद इन्हें खरीदने पर कोई समस्या नहीं होगी।

#2

नुकीली चीजें

धनतेरस पर आपको गलती से भी कोई धारदार यानि नुकीली वस्तु नहीं खरीदनी चाहिए। इस दिन चाकू, कैंची, पिन, सुई, ब्लेड या कटर खरीदने से परहेज करें। कहा जाता है कि ऐसी वस्तुएं प्रतीकात्मक रूप से भाग्य और समृद्धि को 'काट' सकती हैं। ये वस्तुएं राहु या अशुभ संकेतों से भी जुड़ी हुई होती हैं। जेवर खरीदते समय भी ध्यान दें कि उनमें कोई नुकीला भाग न निकला हुआ हो।

#3

शीशे से बनी वस्तुएं

लोग त्योहारों के दौरान घर की सजावट करने के लिए कांच से बनी चीजें खरीद लाते हैं। हालांकि, धनतेरस जैसे पावन पर्व पर शीशे से बनी वस्तुएं खरीदना अच्छा नहीं माना जाता। ऐसी वस्तुएं बहुत ही नाजुक होती हैं और अस्थिरता का प्रतीक मानी जाती हैं। मान्यताओं के अनुसार, ऐसी वस्तुएं नकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करती हैं या भविष्य में परेशानियों का कारण बनती हैं। इस वजह से इस त्योहार पर कांच की चीजें न खरीदें।

#4

काले रंग का सामान

हिंदू धर्म में किसी भी शुभ अवसर पर काले रंग के कपड़े नहीं पहने जाते। ठीक इसी तरह धनतेरस के दिन काले रंग की वस्तुएं खरीदना भी मना होता है। काले रंग को पारंपरिक रूप से अंधकार, शोक और हानि का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस के दिन काले रंग के कपड़े, काले उपकरण या काली गाड़ी आदि बिलकुल न लें। यह रंग समृद्धि के बजाय नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित कर सकता है और अशांति ला सकता है।

#5

लोहे की चीजें

धनतेरस पर लोहे की वस्तु खरीदने से भी परहेज करना चाहिए। माना जाता है कि यह शनि के प्रभाव को आमंत्रित करता है। अगर आप धनतेरस पर इससे बनी चीजें खरीदते हैं तो आपके जीवन में असंतुलन या दुर्भाग्य आ सकता है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस अवसर पर लोहे की वस्तुएं खरीदने वालों पर कुबेर जी की कृपा नहीं बरसती है। इस दिन आपको स्टील से बनी चीजें भी नहीं खरीदनी चाहिए।