LOADING...
पंच केदार में शामिल हैं भोलेनाथ के ये 5 पवित्र मंदिर, एक बार जरूर करें यात्रा
पंच केदार कहलाए जाने वाले मंदिर

पंच केदार में शामिल हैं भोलेनाथ के ये 5 पवित्र मंदिर, एक बार जरूर करें यात्रा

लेखन सयाली
Mar 28, 2026
02:04 pm

क्या है खबर?

पंच केदार उत्तराखंड में स्थित 5 प्रमुख शिव मंदिरों का समूह है। ये मंदिर हिमालय की ऊंची पहाड़ियों पर बसे हुए हैं और हर साल हजारों श्रद्धालु इनका दर्शन करने आते हैं। पंच केदार की यात्रा करके आप भगवान शिव के और भी करीब जा सकते हैं। इन सभी मंदिरों की यात्रा एक अनोखा अनुभव है, क्योंकि ये न केवल धार्मिक नजरिए से अहम है, बल्कि प्राकृतिक सुंदरता और शांति भी प्रदान करते हैं।

#1

केदारनाथ मंदिर

केदारनाथ मंदिर पंच केदारों में सबसे महत्वपूर्ण है। यह भगवान शिव को समर्पित है और समुद्र तल से लगभग 3,583 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इस मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को 16 किलोमीटर की कठिन यात्रा करनी पड़ती है। यहां ठंड और बर्फबारी का सामना करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद भक्तजन यहां आकर भगवान शिव की पूजा करते हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल मन को सुकून देता है।

#2

मध्यमहेश्वर मंदिर

मध्यमहेश्वर मंदिर समुद्र तल से 3,264 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह जगह भगवान शिव के भक्तों के लिए खास अहमियत रखती है। यहां तक पहुंचने के लिए 20 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। रास्ते में घने जंगल, खूबसूरत झरने और बर्फ से ढके पहाड़ मिलते हैं। इस मंदिर में भगवान शिव के अलावा मां पार्वती की मूर्ति भी स्थापित है। यहां आ कर आपको ऐसा लगेगा मानो आप स्वर्ग आ गए हों।

Advertisement

#3

तुंगनाथ मंदिर

तुंगनाथ समुद्र तल से 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जो पंच केदारों में अहम स्थान रखता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह दुनिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर है। यह पंच केदारों में से तृतीय केदार है, जहां महादेव की भुजाओं की पूजा होती है। तुंगनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए 10 किलोमीटर की कठिन यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांति मन को सुकून देती है।

Advertisement

#3

रुद्रनाथ मंदिर

रुद्रनाथ समुद्र तल से 2,286 मीटर की ऊंचाई पर चमोली जिले में स्थित है और पंच केदारों में से एक है। इस मंदिर में भगवान शिव के मुख यानि चेहरे की पूजा की जाती है। रुद्रनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए 23 किलोमीटर की कठिन यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन यहां पहुंचकर मिलने वाले सुकून की कोई बराबरी नहीं की जा सकती। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को घने जंगल, खूबसूरत झरने और बर्फ से ढके पहाड़ मिलते हैं।

#5

कल्पेश्वर मंदिर

कल्पेश्वर उत्तराखंड के चमोली जिले की उर्गम घाटी में स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर है। यह पंच केदार में से 5वें स्थान पर आता है और यहां भगवान शिव की जटाओं यानि बालों की पूजा की जाती है। यह मंदिर समुद्र तल से लगभग 2134 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह एक मात्र ऐसा केदार है, जहां पूरे साल भर दर्शन किए जा सकते हैं। यहां आ कर आपको जो शांति मिलेगी, वो आप कहीं और नहीं पा सकेंगे।

Advertisement