होली का मजा बढ़ा देंगी ये मिठाइयां, जानें इन्हें बनाने का तरीका
क्या है खबर?
होली का त्योहार रंगों के साथ-साथ मिठाइयों का भी है। इस मौके पर लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाते और गले मिलते हैं, लेकिन इसके साथ ही कई लोग अपने दोस्तों और परिवार वालों को मिठाई भी खिलाते हैं। अगर आप इस बार होली पर कुछ नई मिठाइयां बनाकर खाना चाहते हैं तो आइए आज हम आपको कुछ ऐसी मिठाइयों की विधि बताते हैं, जिन्हें घर पर कुछ ही मिनटों में बनाया जा सकता है।
#1
रबड़ी फालूदा
सबसे पहले एक बर्तन में पानी, चीनी और गुलाब जल मिलाकर एक तार की चाशनी बना लें, फिर इसमें फालूदा नूडल्स डालकर इसे ठंडा होने के लिए रख दें। अब एक पैन में दूध को उबालें और इसमें केसर, इलायची का पाउडर और चीनी डालकर इसे अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को ठंडा करके इसमें फालूदा और कटे हुए मेवे डालें। अंत में इस पर थोड़ा गुलाब जल डालकर इसे परोसें।
#2
गाजर का हलवा
सबसे पहले गाजर को धोकर छीलें और इसे कदूकस कर लें। अब एक कढ़ाई में घी गर्म करके इसमें कदूकस की हुई गाजर डालें और इसे अच्छे से भूनें, फिर इसमें दूध डालकर इसे गाढ़ा होने तक पकाएं। इसके बाद इसमें चीनी, इलायची का पाउडर और काजू-बादाम डालकर इसे कुछ देर तक पकाएं। अंत में इस पर थोड़ा मावा कदूकस करके डालें और इसे गर्मागर्म परोसें। गाजर का हलवा आपकी होली को और भी खास बना देगा।
#3
खसखस की बर्फी
सबसे पहले खसखस को भूनकर पीस लें। फिर एक कढ़ाई में दूध और चीनी डालकर इसे गाढ़ा होने तक पकाएं। अब इसमें खसखस का पाउडर डालकर इसे अच्छी तरह मिलाएं, फिर इसमें घी डालकर इसे अच्छी तरह से मिलाते हुए पकाएं। अब इस मिश्रण को घी लगे थाली में डालकर ठंडा होने दें और जब यह ठंडा हो जाए तो इसे टुकड़ों में काटकर परोसें। खसखस की बर्फी का स्वाद लाजवाब होता है।
#4
आटे की बर्फी
सबसे पहले एक पैन में देसी घी गर्म करें और इसमें आटे को सुनहरा होने तक भून लें। फिर इसमें गाढ़ा दूध डालकर इसे अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची का पाउडर और काजू-बादाम डालकर इसे कुछ देर तक पकाएं। इसके बाद इस मिश्रण को घी लगे थाली में डालकर ठंडा होने दें और जब यह ठंडा हो जाए तो इसे टुकड़ों में काटकर परोसें। आटे की बर्फी का स्वाद हर किसी को भा जाता है।
#5
संतरे की बर्फी
सबसे पहले एक पैन में चीनी और पानी डालकर इसे गाढ़ा होने तक पकाएं। अब इसमें संतरे का रस मिलाएं और इसे 5 मिनट तक पकाएं, फिर इसमें कदूकस किया हुआ नारियल और इलायची का पाउडर मिलाकर इसे अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को घी लगे थाली में डालकर ठंडा होने दें और जब यह ठंडा हो जाए तो इसे टुकड़ों में काटकर परोसें। संतरे की बर्फी का खट्टा-मीठा स्वाद सबको पसंद आएगा।