गर्मियों के दौरान तैलीय त्वचा वाले लोग इन 5 बातों का रखें खास ध्यान
क्या है खबर?
गर्मियों में सूरज की हानिकारक किरणों के संपर्क में आने, पसीना आने और त्वचा के तेल उत्पादन में वृद्धि के कारण तैलीय त्वचा वालों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, अगर आप तैलीय त्वचा वाले हैं तो इस मौसम में आप कुछ आसान और प्रभावी स्किन केयर टिप्स को अपनाकर इन समस्याओं से बच सकते हैं और स्वस्थ रह सकते हैं। आइए उन स्किन केयर टिप्स के बारे में जानते हैं।
#1
सुबह और रात में त्वचा को धोएं
अगर आप रोजाना सुबह और रात में अपनी त्वचा को साफ करेंगे तो इससे तैलीय त्वचा के अतिरिक्त तेल के उत्पादन को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इसके लिए आप अपने चेहरे को चेहरे की सफाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली साबुन या फिर चेहरे धोने वाले उत्पाद से धो सकते हैं। हालांकि, चेहरे को धोने के लिए ज्यादा गर्म या ठंडे पानी का इस्तेमाल न करें क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।
#2
हाइड्रेटिंग टोनर का करें इस्तेमाल
अगर आप चाहते हैं कि आपकी त्वचा तैलीय न दिखे तो चेहरे को धोने के बाद उस पर हाइड्रेटिंग टोनर जरूर लगाएं। इससे न केवल अतिरिक्त तेल को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, बल्कि त्वचा को पोषण भी मिलेगा। इसके अलावा हाइड्रेटिंग टोनर का इस्तेमाल करने से रोमछिद्रों के बंद होने की संभावना भी कम हो सकती है। इसके लिए आप गुलाब जल या फिर संतरे के छिलके का पाउडर और पानी का मिश्रण भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
#3
एक्सफोलिएट करना है जरूरी
गर्मी के मौसम में त्वचा की मृत कोशिकाओं और गंदगी के कारण रोमछिद्र बंद होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे मुंहासे हो सकते हैं। इससे बचने के लिए हफ्ते में 2 बार अपनी त्वचा को एक्सफोलिएट करना जरूरी है। इसके लिए आप चीनी और शहद का मिश्रण या फिर पपीते का गूदा भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे त्वचा की गहराई से सफाई होगी और मृत कोशिकाओं से छुटकारा मिलेगा।
#4
मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें
लोग अक्सर यह मानते हैं कि तैलीय त्वचा वालों को मॉइस्चराइजर की जरूरत नहीं होती है, लेकिन यह गलत है। मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करने से त्वचा को भरपूर नमी मिलती है और वह स्वस्थ रहती है। इसलिए चेहरे को धोने के बाद उस पर जेल आधारित मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं। इससे चेहरे पर तेल का उत्पादन कम होगा और मुंहासों की समस्या भी दूर होगी।
#5
सनस्क्रीन लगाना भी है जरूरी
सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना सबसे महत्वपूर्ण है, चाहे आपकी त्वचा कोई भी हो। सूरज की हानिकारक किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचाती हैं और सनस्क्रीन इसे सुरक्षित रखती है। इसलिए रोजाना 15 से 30 मिनट पहले अपने चेहरे पर अच्छी तरह से सनस्क्रीन लगाएं ताकि सूरज की किरणें आपकी त्वचा को सीधे न छू सकें। इससे आपकी त्वचा स्वस्थ और सुरक्षित रहेगी।