LOADING...
गर्मियों के दौरान बनाकर पिएं ये 5 पेय, तरोताजा और हाइड्रेटेड रहेंगे
गर्मियों में बनाकर पिएं ये पेय

गर्मियों के दौरान बनाकर पिएं ये 5 पेय, तरोताजा और हाइड्रेटेड रहेंगे

लेखन अंजली
Apr 09, 2026
06:15 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में बढ़ती पसीने की मात्रा और पानी की कमी के कारण व्यक्ति को थकान, सिरदर्द और मूड खराब होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, इन समस्याओं से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है और इसके लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। साथ ही आप कुछ स्वादिष्ट और ताजगी देने वाले पेय को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। आइए आज हम आपको ऐसे पेय की रेसिपी बताते हैं।

#1

तरबूज का पेय

सबसे पहले तरबूज को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सी में पीस लें, फिर इस मिश्रण को छानकर एक गिलास में डालें। अब इसमें नींबू का रस, पुदीने की कुछ पत्तियां, काला नमक और शहद मिलाएं। अंत में गिलास में बर्फ के टुकड़े डालकर इसे ठंडा-ठंडा परोसें। यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसमें विटामिन-C और पोटेशियम भी होता है, जो आपके शरीर को पोषण देने के साथ हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकते हैं।

#2

पुदीने की छाछ

सबसे पहले एक मिक्सी में दही, थोड़ी पुदीने की पत्तियां, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, नमक, हरी मिर्च का पेस्ट और पानी डालकर अच्छे से पीस लें। अब इस मिश्रण को एक गिलास में डालकर इसमें बर्फ के टुकड़े डालें और इसका सेवन करें। पुदीने की छाछ का सेवन पेट को ठंडक देने, पाचन को सुधारने और शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकता है।

Advertisement

#3

आम पन्ना

सबसे पहले कच्चे आम को उबालकर उसका गूदा निकाल लें, फिर इसमें पानी, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, पुदीने का पाउडर, चीनी का पाउडर और नींबू का रस डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को एक गिलास में डालकर इसमें बर्फ के टुकड़े डालें और इसका सेवन करें। आम पना का सेवन पेट को ठंडक देने और गर्मियों में होने वाली लू से बचाने में मदद कर सकता है।

Advertisement

#4

नारियल पानी और नींबू का पेय

इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास नारियल पानी में नींबू का रस मिलाएं, फिर इसमें शहद डालें। अब इस पेय में बर्फ के टुकड़े डालकर इसे परोसें। यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसमें पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व भी होते हैं। यह पेय शरीर में खनिजों के स्तर को बनाए रखने में मदद कर सकता है, जिससे शरीर को तरोताजा और हाइड्रेटेड रखा जा सकता है।

#5

आम और अनानास का पेय

सबसे पहले आम के गूदे को मिक्सी में पीस लें, फिर इसमें अनानास के गूदे को डालकर फिर से पीस लें। अब इस मिश्रण को एक गिलास में आधा भरें और इसमें ठंडा पानी मिलाएं। अंत में इसमें बर्फ के टुकड़े डालें और इसका सेवन करें। आम और अनानास का यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह विटामिन-C और शरीर को ताकत देने वाले तत्वों से भरपूर होता है।

Advertisement