Page Loader
गोवा: छुट्टियों का लुत्फ उठाने के लिए पणजी की इन जगहों पर घूमने जाएं
पणजी के पर्यटन स्थल (तस्वीर: फ्लिकर)

गोवा: छुट्टियों का लुत्फ उठाने के लिए पणजी की इन जगहों पर घूमने जाएं

लेखन अंजली
Oct 20, 2023
04:37 pm

क्या है खबर?

पंजिम या पणजी गोवा की राजधानी होने के साथ-साथ इसका दिल भी है। यह मांडोवी नदी के किनारे स्थित है। शांत समुद्र तटों और विचित्र चर्चों से लेकर प्रभावशाली किलों, सुंदर मंदिरों और यहां तक ​​कि संग्रहालयों तक, पणजी में वह सब कुछ है, जिस वजह से यह छुट्टियों के लिए एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है। आइए आज हम आपको पणजी के 5 प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं, जहां की यात्रा से यादगार अनुभव मिल सकता है।

#1

डोना पाउला समुद्र तट

पणजी के सबसे प्रसिद्ध स्थानों में से एक यह समुद्र तट उन लोगों के लिए आदर्श है, जो मनोरंजन की तलाश में हैं। यहां जाकर आप धूप सेंक सकते हैं और आराम कर सकते हैं क्योंकि यह समुद्र तट एक शांत आभा का अनुभव कराता है। इसके अलावा आप यहां पैरासेलिंग और कायाकिंग जैसी विभिन्न पानी में की जाने वाली गतिविधियों को आजमा सकते हैं। इस तट पर अलग-अलग तरह की ड्रिंक्स और स्वादिष्ट व्यंजन वाले रेस्टोरेंट्स भी उपलब्ध हैं।

#2

बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस

यह भारत के सबसे पुराने चर्चों में से एक है। इसका निर्माण 16वीं शताब्दी के अंतिम दशक में हुआ था। यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित यह स्मारक बारोक वास्तुकला का बेहतरीन उदाहरण पेश करता है। इस चर्च में सेंट फ्रांसिस जेवियर का शव 450 साल से एक खूबसूरत ताबूत में सुरक्षित रूप से रखा हुआ है। ऐसा कहा जाता है कि शव में आज भी दिव्य शक्तियां हैं, जिस कारण अब तक ठीक है।

#3

से कैथेड्रल

पणजी में घूमने वाली जगहों में से कैथेड्रल भी शामिल है। पुर्तगाली और गॉथिक स्थापत्य शैली के शानदार मिश्रण के साथ से कैथेड्रल बहुत खूबसूरत चर्च है। यह मुख्य रूप से बड़ी सुनहरी घंटी और सोने की बनी वेदी के लिए जाना जाता है, जो सेंट कैथरीन को समर्पित है। अगर आप पणजी घूमने जा रहे हैं तो अपनी यात्रा में इस जगह को जरूर शामिल करें।

#4

डॉ सलीम अली पक्षी अभयारण्य

पणजी के चोराओ द्वीप के मैंग्रोव जंगलों में स्थित डॉ सलीम अली पक्षी अभयारण्य लगभग 440 एकड़ क्षेत्र तक फैला हुआ है। यह अपनी शानदार भौगोलिक स्थिति के कारण स्थानीय और प्रवासी पक्षियों का घर है। इस अभयारण्य तक बोटिंग के जरिए पहुंचा जा सकता है और इसमें पक्षियों को देखने के लिए एक वॉच टावर भी है। मैंग्रोव निवास की कुछ प्रजातियों के साथ आप यहां पर रेड नॉट, लिटिल बिटर्न, पिनटेल्स और कूट जैसे पक्षी देख सकते हैं।

#5

गोवा राज्य संग्रहालय

यह संग्रहालय गोवा के इतिहास और संस्कृति के विकास का प्रदर्शन करता है। यहां जाकर आप गोवा के विभिन्न युगों से संबंधित विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों के साथ स्थानीय लोगों की परंपराओं के महत्व को समझ सकते हैं। लगभग 14 थीम वाला यह संग्रहालय गोवा के अतीत और वर्तमान को जोड़ने वाली एक खिड़की है, इसलिए इसे इतिहासकारों के लिए बेहतरीन जगह माना जाता है।