Page Loader
दुनिया के 5 सबसे महान पेंटर और उन्हें सुर्खियों में लेकर आने वाली उनकी कलाकृतियां

दुनिया के 5 सबसे महान पेंटर और उन्हें सुर्खियों में लेकर आने वाली उनकी कलाकृतियां

लेखन सयाली
May 20, 2025
12:51 pm

क्या है खबर?

हर कलाकार की पहचान उनकी कला से ही होती है, जिसके जरिए वे अपनी प्रतिभा को दर्शा पाते हैं। जब दुनिया उनकी कलाकृतियों की सराहना करने लगती है तब वे खुद-ब-खुद सुर्खियों में आ जाते हैं। इसी कड़ी में आज हम आपको दुनिया के 5 सबसे महान पेंटरों के बारे में बताने जा रहे हैं। इसके साथ ही हम आपको उनके द्वारा बनाई गई उन पेंटिंग के बारे में भी बताएंगे, जिनके जरिए वे मशहूर हो सके।

#1

लियोनार्डो दा विंची

इटली में जन्मे लियोनार्डो दा विंची 15वीं और 16वीं शताब्दी के सबसे महान पेंटर, मूर्तिकार, वास्तुकार, वैज्ञानिक, इंजीनियर और आविष्कारक थे। उन्हें चित्रकला का बहुत ज्ञान था और उन्होंने अपने ब्रश की मदद से कई खूबसूरत रचनाओं को रूप दिया था। उनके द्वारा 1503 में बनाई गई मोना लिसा पेंटिंग दुनिया की सबसे प्रसिद्ध कलाकृतियों की श्रेणी में गिनी जाती है। इस पेंटिंग ने ही दा विंची को कला के क्षेत्र में इतना प्रतिष्ठित स्थान दिलाया था।

#2

विन्सेंट वान गॉग

कला की बात करते ही मन में 'स्टारी नाइट' की छवि आ जाती है। इस खूबसूरत पेंटिंग ने ही विन्सेंट वान गॉग को दुनियाभर में प्रसिद्ध कर दिया था। वह एक डच पेंटर थे, जिन्होनें 37 साल के जीवनकाल के दौरान 2000 से भी ज्यादा पेंटिंग बनाई थीं। वह अपनी कलाकृतियों में जीवंत रंगों का इस्तेमाल किया करते थे और अपने चित्र बनाना भी पसंद किया करते थे। वान गॉग के जीवन से जुड़े तथ्य जानकर आप हैरान रह जाएंगे।

#3

पाब्लो पिकासो

पाब्लो पिकासो स्पेन के महान पेंटर, मूर्तिकार, प्रिंटमेकर, सिरामिस्ट और थिएटर डिजाइनर थे। उन्हें आज भी इतिहास का सबसे महान कलाकार कहा जाता है, क्यूंकि वह हर तरह की पेंटिंग बना लिया करते थे। उनके द्वारा 1937 में बनाई गई गुएर्निका नामक पेंटिंग के जरिए ही वह सफलता की सीढ़ी चढ़ सके थे। यह पेंटिंग 27 अप्रैल, 1937 की घटनाओं पर आधारित थी, जब हिटलर ने गुएर्निका गांव पर बमबारी करवा दी थी।

#4

फ्रिडा काहलो

फ्रिडा काहलो एक मैक्सिकन पेंटर थीं, जो अपने सेल्फ पोर्ट्रेट के लिए जानी जाती थीं। वह अपनी पेंटिंग के जरिए अपने दुखद जीवन, निराशाओं और दर्द को व्यक्त करती थीं। जिस पेंटिंग ने उन्हें प्रसिद्धि दिलाई वह 'द टू फ्रिडाज' थी। इसमें फ्रिडा के 2 रूप दिखते हैं, जो एक दूसरे के बगल में हाथ पकड़े बैठे हैं। उनमें से एक ने खून बहते दिल के साथ सफेद पोशाक पहनी है, जबकि दूसरी ने पारंपरिक मैक्सिकन पोशाक पहन रखी है।

#5

राजा रवि वर्मा

राजा रवि वर्मा भारत के सबसे मशहूर कलाकार थे, जिन्हें आधुनिक भारतीय कला का जनक कहा जाता है। उन्हें जीवित रहते हुए भी खूब प्रसिद्धि मिली थी और आज तक उनकी कलाकृतियों की चर्चा होती है। आज के समय में हम भगवान के जिन चित्रों की पूजा करते हैं, उन्हें उनका मानवीय चेहरा रवि वर्मा ने ही दिया था। उन्होंने 'शकुंतला' नाम की एक सुंदर पेंटिंग बनाई थी, जिसके जरिए वह विश्व स्तर पर मान्यता हासिल कर पाए थे।