Page Loader
मोनालिसा के अलावा भी लियोनार्डो दा विंची ने बनाई थीं कई पेंटिंग, ये हैं सबसे मशहूर

मोनालिसा के अलावा भी लियोनार्डो दा विंची ने बनाई थीं कई पेंटिंग, ये हैं सबसे मशहूर

लेखन सयाली
May 05, 2025
07:23 pm

क्या है खबर?

मोनालिसा जैसी अनोखी कलाकृति की रचना करने वाले लियोनार्डो दा विंची दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। उनकी पेंटिंग की कला आज भी लोगों की प्रेरणा स्त्रोत बनी हुई है। उनका जन्म इटली में हुआ था और वह 15वीं और 16वीं शताब्दी के सबसे महान चित्रकार, मूर्तिकार, वास्तुकार, वैज्ञानिक, इंजीनियर और आविष्कारक थे। उन्होंने मोनालिसा के अलावा भी कई शानदार पेंटिंग बनाई थीं, जिनमें से ये 5 सबसे मशहूर हुईं।

#1

द लास्ट सपर

'द लास्ट सपर' दा विंची की दूसरी सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग है, जिसे उन्होंने 1495-1498 के बीच बनाया था। यह यीशु मसीह और उनके शिष्यों के बीच हुए आखरी भोज के दृश्य को दर्शाती है। यह पेंटिंग वह क्षण दिखती है, जब यीशु घोषणा करते हैं कि उनका एक शिष्य उन्हें धोखा देगा। उनके आस-पास बैठे लोगों के चेहरों पर आश्चर्य दिखाई देता है। यह पेंटिंग इटली के मिलान शहर में स्थित सांता मारिया डेले ग्राजी चर्च में स्थापित है।

#2

लेडी विद एन एर्मिन

'लेडी विद एन एर्मिन' को द विंची द्वारा बनाई गई सबसे खूबसूरत पेंटिंग माना जाता है। इसे 1489-1491 के बीच बनाया गया था और इसमें एक सुंदर महिला एक एर्मिन नाम का जानवर पकड़े दिखाई देती है। असल में यह चित्र मिलान की सेसिलिया गैलेरानी के ड्यूक लुडोविको स्फोर्जा की प्रेमिका का है। उनके हाथ में जो एर्मिन है, वह पवित्रता और सदाचार को दर्शाता है। वर्तमान में यह पेंटिंग क्राकोव के जार्टोरिस्की संग्रहालय की शोभा बढ़ा रही है।

#3

द वर्जिन ऑफ द रॉक्स

दा विंची ने 'द वर्जिन ऑफ द रॉक्स' नाम की पेंटिंग बनाई थी, जो 1483-1486 के बीच की रचना थी। इसके 2 संस्करण हैं, जिनमें से यह पेंटिंग पेरिस के लूवर में रखी हुई है। वहीं, दूसरा संस्करण लंदन की नेशनल गैलरी में स्थापित है। इन पेंटिंग में वर्जिन मैरी, यीशु का बाल रूप, जॉन द बैपटिस्ट और एक देवदूत को एक गुफा में दिखाया गया है। इस पेंटिंग में दिखाई दे रहे पौधे जीवन और विकास को दर्शाते हैं।

#4

गिनेवरा डे बेंसी 

दा विंची ने केवल मोनालिसा की ही नहीं, बल्कि एक अन्य महिला की पोर्ट्रेट बनाई थी, जिसने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस पेंटिंग का नाम 'गिनेवरा डे बेंसी' है, जो एक महिला का चित्र है। इस महिला का नाम ही गिनेवरा डे बेंसी था, जो फ्लोरेंस की एक अमीर महिला थीं। यह पेंटिंग अब वॉशिंगटन डीसी की नेशनल गैलरी ऑफ आर्ट में रखी हुई है। कहते हैं कि इसे डे बेंसी के परिवार ने उनकी सगाई से पहले बनवाया था।

#5

विट्रूवियन मैन 

'विट्रुवियन मैन' दा विंची की एक अद्भुत रचना है, जिसे लगभग 1490 में बनाया गया था। इस पेंटिंग ने दुनिया को दिखाया कि कैसे दा विंची ने मानव शरीर की शारीरिक रचना, माप और मिश्रण को एक साथ जोड़ा। यह एक पेन और स्याही से बनाया गया चित्र है, जो प्राचीन रोमन वास्तुकार विट्रुवियस द्वारा वर्णित आदर्श मानव अनुपात को दर्शाता है। यह चित्र एक नग्न आदमी का है, जिसके हाथ और पैर फैले हुए हैं।