LOADING...
मेकअप के दौरान कलर करेक्शन करते समय ये 5 गलतियां करने से बचें, लगेंगी ज्यादा सुंदर
कलर करेक्ट करते समय न करें ये गलतियां

मेकअप के दौरान कलर करेक्शन करते समय ये 5 गलतियां करने से बचें, लगेंगी ज्यादा सुंदर

लेखन सयाली
Jun 29, 2026
10:39 am

क्या है खबर?

कलर करेक्टर एक ऐसा मेकअप उत्पाद है, जिसका सही उपयोग चेहरे की कई कमियों को छिपा सकता है। इससे दाग-धब्बे, रंजकता और महीन रेखाओं को छिपाया जा सकता है। हालांकि, कई महिलाएं इसका इस्तेमाल करते समय अनजाने में कुछ गलतियां कर बैठती हैं, जिससे उनका लुक बिगड़ सकता है। आइए आज हम आपको 5 ऐसी गलतियों के बारे में बताते हैं, जिन्हें कलर करेक्शन करते समय आपको नहीं करना चाहिए। इससे आपका बेस मेकअप फ्लॉलेस हो पाएगा।

#1

गलत रंग का चुनाव करना

कलर करेक्टर का चयन करते समय सही रंग का चुनाव करना जरूरी है। अगर आप गलत रंग का चुनाव करेंगी तो मेकअप उल्टा असर दिखा सकता है। अगर आपकी त्वचा का अंडर टोन गर्म है तो आप पीले या नारंगी रंग के कलर करेक्टर का चयन कर सकती हैं, जबकि ठंडे अंडर टोन वाली महिलाएं नीले या गुलाबी रंग के कलर करेक्टर का चयन कर सकती हैं। काले घेरे और दाग छिपाने के लिए बैंगनी, नारंगी या हरा रंग चुनें।

#2

ज्यादा मात्रा में लगाना

कलर करेक्टर का ज्यादा उपयोग आपके चेहरे को अजीब दिखा सकता है। सही मात्रा में इसको लगाने से ही आपका चेहरा चमकदार और निखरा हुआ दिखेगा। अगर आप ज्यादा मात्रा में कलर करेक्टर लगाएंगी तो इसे ब्लेंड करने में परेशानी हो सकती है और यह बेस मेकअप के अंदर से दिख सकता है। इसलिए, हमेशा थोड़ी मात्रा में ही कलर करेक्टर का उपयोग करें और उसे धीरे-धीरे ब्लेंड करते हुए लगाएं।

Advertisement

#3

सही तरीके से न लगाना

कलर करेक्टर लगाते समय उसकी सही दिशा और तरीका अपनाना बहुत जरूरी है। अक्सर महिलाएं कलर करेक्टर को बिना सोचे-समझे लगा देती हैं, जिससे उनका चेहरा खराब दिख सकता है। सही तरीके से कलर करेक्टर लगाने से न केवल आपका चेहरा साफ दिखेगा, बल्कि आप अधिक प्राकृतिक और सुंदर लगेंगी। इसे आप उंगलियों से केवल उन हिस्सों पर लगाएं, जिन्हें छिपाने की जरूरत है। इसके बाद इसे उंगलियों या ब्रश की मदद से ब्लेंड कर लें।

Advertisement

#4

गलत तरीके से ब्लेंड करना

कलर करेक्टर को अन्य मेकअप उत्पादों के साथ ब्लेंड करने से बचें। जैसे अगर आप फाउंडेशन या कंसीलर के साथ इसे मिलाकर लगाती हैं तो इससे आपका लुक बिगड़ सकता है। हमेशा उत्पादों का अलग-अलग उपयोग करें, ताकि आपका मेकअप सही दिखे और आपकी त्वचा को भी नुकसान न पहुंचे। इसके अलावा कलर करेक्टर को लगाने के बाद पहले अच्छी तरह ब्लेंड कर लें और उसके बाद ही बेस मेकअप शुरू करें।

#5

त्वचा की देखभाल पर ध्यान न देना

कलर करेक्टर लगाने से पहले अपनी त्वचा की देखभाल करना बहुत जरूरी है। अगर आपकी त्वचा सूखी होगी तो यह उत्पाद ठीक से नहीं लगेगा और अगर तैलीय होगी तो चिपचिपा लगेगा। अपनी त्वचा की नमी और ताजगी बनाए रखें। याद रखें कि यह उत्पाद केवल एक कवर है और असली निखार सही देखभाल से आता है। इन 5 गलतियों से बचकर आप अपने मेकअप को बेहतरीन बना सकती हैं और हमेशा खूबसूरत दिख सकती हैं।

Advertisement