बिजली का बिल बढ़ा सकती हैं रसोई से जुड़े ये आदतें, कम करने की करें कोशिश
क्या है खबर?
अधिकतर लोग रसोई में काम करते समय कुछ ऐसी आदतें अपना लेते हैं, जो बिजली का बिल बढ़ने का कारण बन सकती हैं। हालांकि, इनका पता उन्हें आसानी से नहीं चलता है। इसका कारण है कि ये आदतें धीरे-धीरे विकसित होती हैं और जब तक आपको इनकी जानकारी होती है तब तक आपका बिजली का बिल काफी बढ़ चुका होता है। आइए आज हम आपको रसोई से जुड़ी ऐसी ही कुछ गलत आदतें बताते हैं।
#1
माइक्रोवेव को लंबे समय तक चालू रहना
आमतौर पर लोग माइक्रोवेव का इस्तेमाल खाना गर्म करने या उसे पकाने के लिए करते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि माइक्रोवेव भी बिजली काफी जाया करता है? दरअसल, जब माइक्रोवेव को चालू किया जाता है तो इससे बहुत अधिक बिजली की खपत होती है। ऐसे में हर बार माइक्रोवेव का इस्तेमाल करने के बाद इसे बंद करें, ताकि बिजली की अतिरिक्त खपत न हो। इसके स्विच को हमेशा ऑन रखने से बचें।
#2
फ्रिज का दरवाजा खुला रखना
कुछ लोग फ्रिज के दरवाजे को खुला रखकर ठंडक लेते हैं या देर तक खाना ढूंढते रहते हैं। हालांकि, यह बुरी आदत भी बिजली का बिल बढ़ने का कारण बन सकती है। दरअसल, फ्रिज के दरवाजे को खुला रखकर खड़े होने से फ्रिज की ठंडक कम होने लगती है और इसे सही ठंडक देने के लिए काफी ज्यादा बिजली की जरूरत पड़ती है, जिससे बिजली का बिल बढ़ जाता है। ऐसा करने से फ्रिज खराब भी हो सकता है।
#3
माइक्रोवेव को साफ करने के लिए पानी गर्म करना
कई लोग माइक्रोवेव की सफाई के लिए उसमें पानी गर्म करते हैं, लेकिन इससे भी बिजली का बिल बढ़ सकता है। इसका कारण है कि माइक्रोवेव को पानी गर्म करने के लिए काफी देर तक चलाना पड़ता है और इससे बिजली की खपत बढ़ जाती है। बेहतर होगा कि आप माइक्रोवेव की सफाई के लिए नींबू के रस और पानी का मिश्रण बनाकर उसका इस्तेमाल करें। इससे बिजली के बिल पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
#4
ओवन को लंबे समय तक चालू रहना
जैसे माइक्रोवेव, वैसे ही ओवन भी बिजली का ज्यादा इस्तेमाल करता है, इसलिए इसे लंबे समय तक चालू न रखें। अगर आप बड़ी मात्रा में खाना पका रहे हैं तो ओवन को बीच-बीच में चेक करते रहे, ताकि खाना जले नहीं। इसके अलावा ओवन को बंद करने के लिए केवल उसका ऑन-ऑफ बटन नहीं, बल्कि स्विच बंद करें। इससे बिजली की खपत कम होगी और आपका बिजली का बिल भी कम आएगा।
#5
रसोई के उपकरणों को स्टैंडबाय पर रखना
आजकल रसोई में ऐसे कई उपकरण मौजूद होते हैं, जो स्टैंडबाय मोड में बिजली की खपत करते रहते हैं। उदाहरण के लिए, कॉफी बनाने की मशीन, टोस्टर और ब्लेंडर आदि। भले ही आप इन उपकरणों का इस्तेमाल न करें, लेकिन ये बिजली की खपत करते रहते हैं। इससे बिजली का बिल भी बढ़ जाता है। इसलिए जब भी इन उपकरणों का इस्तेमाल न करें तो इन्हें बंद करके प्लग निकाल दें। इससे बिजली की खपत कम होगी।