मधुमेह रोगी बेफिक्र हो कर खा सकते हैं गर्मी के ये स्वादिष्ट फल, मिलेगी ताजगी
क्या है खबर?
गर्मी में सभी का दिल करता है कि वे ताजगी देने वाले फलों का सेवन कर सकें। हालांकि, जो लोग मधुमेह से पीड़ित होते हैं, वे ब्लड शुगर बढ़ने के डर से ऐसा नहीं कर पाते हैं।
ज्यादातर फलों में प्राकृतिक मिठास होती है, जो ब्लड शुगर के स्तर में वृद्धि ला सकती है। हालांकि, कुछ ऐसे फल भी होते हैं, जो मधुमेह रोगियों की डाइट में शामिल किए जा सकते हैं।
आइए ऐसे 5 फलों के बारे में जानें।
#1
पपीता
पपीता गर्मियों में पसंद किया जाता है और यह पेट के लिए भी फायदेमंद होता है। मधुमेह से पीड़ित लोग सीमित मात्रा में पपीते का सेवन कर सकते हैं।
इस फल में ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) कम होता है और यह फाइबर से भी भरपूर होता है, जो ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है।
साथ ही यह विटामिन और मिनरल जैसे पोषक तत्वों से भी लैस होता है, जो स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाते हैं।
#2
सेब
आपने वह कहावत तो सुनी होगी, "रोजाना एक सेब खाना डॉक्टर को दूर रखता है।" यह मधुमेह पीड़ित लोगों के लिए भी सच साबित होती है, क्योंकि वे बेफिक्र हो कर सेब खा सकते हैं।
यह फल फाइबर और अन्य पोषक तत्वों का बढ़िया स्त्रोत होता है और इसका GI स्तर भी अन्य फलों की तुलना में कम होता है।
इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर चीनी के अवशोषण को धीमा करता है और पेट को देर तक भरा रखता है।
#3
जामुन
जिन लोगों को मधुमेह होता है, वे सीमित मात्रा में जामुन का सेवन कर सकते हैं। इस फल में सिर्फ 25 का GI होता है और यह जाम्बोलिन जैसे यौगिकों से भरपूर होता है।
जामुन स्टार्च को ऊर्जा में बदलने में मदद करता है, जो संभावित रूप से ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करता है। आयुर्वेदिक चिकित्सा में जामुन के बीज के पाउडर का उपयोग मधुमेह की रोक-थाम के लिए किया जाता है।
#4
आलूबुखारा
आलूबुखारा गर्मियों का फल है, जो ज्यादा लोकप्रिय नहीं है। हालांकि, अगर आपको मधुमेह है तो आप इसे अपने खान-पान में शामिल कर सकते हैं।
इस फल का GI कम होता है और यह फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट्स का समृद्ध स्त्रोत माना जाता है। इसके छिलके में पॉलीफेनॉल्स होते हैं, जो इंसुलिन प्रतिक्रिया को बेहतर बनाने का काम करते हैं।
हालांकि, इसे ज्यादा मात्रा में खाना नुकसानदायक हो सकता है, इसीलिए इसकी मात्रा को सीमित ही रखें।
#5
तरबूज
मधुमेह रोगियों के लिए तरबूज सुरक्षित विकल्प होता है, अगर इसे सीमित मात्रा में खाया जाए तो। यह फल न केवल हाइड्रेशन और ताजगी प्रदान करता है, बल्कि पेट को स्वस्थ रखता है और पोषक तत्वों से भरपूर भी होता है।
इसका GI अधिक होता है, इसीलिए इसे बहुत कम मात्रा में ही खाना चाहिए। अगर आप इसे अन्य स्वस्थ फलों के साथ मिलाकर खाएंगे तो आपको नुकसान नहीं होगा।
हालांकि, इसका जूस पीने से सख्त परहेज करें।