स्नैक्स के तौर पर खाते हैं तले हुए व्यंजन? इनकी बजाय खाएं ये चीजें
क्या है खबर?
अगर आप स्नैक्स के तौर पर तले हुए व्यंजन खाना पसंद करते हैं तो आपको बता दें कि इनमें मौजूद उच्च कैलोरी और वसा आपको मोटा बना सकती हैं। इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करें और इनकी जगह कुछ सेहतमंद विकल्पों को अपनी डाइट में शामिल करें। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे सेहतमंद स्नैक्स के विकल्प बताते हैं, जो तले हुए व्यंजनों के मुकाबले में काफी बेहतर हैं।
#1
ओवन में बने चिप्स
अगर आप आलू के चिप्स खाना पसंद करते हैं तो उनकी जगह ओवन में बने चिप्स खाएं। ओवन में बने चिप्स में कम चर्बी होती है और इन्हें बनाना भी काफी आसान है। इसके लिए पहले ओवन को गर्म करें, फिर पतले-पतले कटा हुआ आलू और जैतून का तेल मिलाकर 10 से 15 मिनट तक बेक करें। इसके बाद इन पर नमक छिड़कें और इन्हें ठंडा होने दें।
#2
भुने चने
भुने चने का सेवन भी एक सेहतमंद स्नैक है, जिसे आप आसानी से घर पर भी बना सकते हैं। इसके लिए पहले चनों को पानी में भिगोएं, फिर इन्हें एक पैन में भूनें। भुने हुए चनों को एक डिब्बे में स्टोर करके रखें ताकि इनकी कुरकुरी बनावट बरकरार रहे। भुने चने में फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी विटामिन्स होते हैं।
#3
मखाना
मखाना एक सेहतमंद स्नैक है, जिसमें कम कैलोरी होती हैं। मखाने में प्रोटीन, फाइबर, मैग्नीशियम, पोटेशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। इसलिए यह दिल को स्वस्थ रखने, ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने और वजन कम करने में मदद कर सकता है। मखाने को भूनकर उन्हें नमक और लाल मिर्च पाउडर के साथ खाएं।
#4
दही के साथ फल और अनाज
दही के साथ फल और अनाज का मिश्रण एक सेहतमंद स्नैक है, जो आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराएगा। यह मिश्रण फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त यह मिश्रण मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देने और वजन घटाने में भी सहायक हो सकता है।
#5
मूंगफली
मूंगफली का सेवन भी सेहतमंद स्नैक है, जिसे आप तले बिना भी बना सकते हैं। इसके लिए पहले मूंगफली को पानी में भिगोएं, फिर इन्हें एक बेकिंग ट्रे पर फैलाएं और ओवन में 10 मिनट के लिए बेक करें। इसके बाद मूंगफली पर काला नमक छिड़कर इन्हें ठंडा होने दें। मूंगफली के सेवन से आपको प्रोटीन और फाइबर की भरपूर मात्रा मिलती है, जो सेहत के लिए फायदेमंद होती है।