मानसून के दौरान पाचन को दुरुस्त रखने में सक्षम हैं ये 5 खाद्य पदार्थ
क्या है खबर?
मानसून के दौरान बढ़ती नमी के कारण कई लोग पाचन से जुड़ी समस्याओं का सामना करने लग जाते हैं। इसका मुख्य कारण है कि इस मौसम में पेट पर बैक्टीरिया का नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जो पाचन को प्रभावित कर सकता है। इसलिए इस मौसम में पाचन को दुरुस्त रखने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी है। आइए जानते हैं कि मानसून में पाचन को दुरुस्त रखने के लिए किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए।
#1
अदरक
अदरक में मौजूद गुण पाचन को दुरुस्त रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यह पेट के लिए जरूरी एंजाइम के उत्पादन को बढ़ाकर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने का काम कर सकता है। लाभ के लिए एक गिलास पानी में थोड़ा-सा कदूकस किया हुआ अदरक मिलाएं और इसे उबालें, फिर इसे छानकर इसका सेवन करें। आप चाहें तो इसमें शहद भी मिला सकते हैं। अदरक के सेवन से कई अन्य स्वास्थ्य लाभ भी मिल सकते हैं।
#2
पुदीना
पुदीने की तासीर ठंडी होती है, जिस कारण मानसून में इसका सेवन करना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है। पुदीने में मौजूद तत्व शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं, जिससे पाचन क्रिया बेहतर रहती है। इसके अलावा इसमें सूजन कम करने वाले गुण भी होते हैं, जो कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिला सकते हैं।
#3
छाछ
छाछ एक तरह का दूध से बना हल्का-फुल्का पेय है, जो पाचन के लिए बहुत फायदेमंद है। यह पेट की जलन को शांत करता है और एसिडिटी से भी राहत दिला सकता है। इसके अलावा छाछ में लाभकारी बैक्टीरिया होते हैं, जो अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देकर पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। यह पेट की सूजन और कब्ज जैसी समस्याओं को भी दूर कर सकता है। छाछ के सेवन से अन्य फायदे भी मिल सकते हैं।
#4
दही
दही में लाभकारी बैक्टीरिया होते हैं, जो पाचन को ठीक रखने में मदद कर सकते हैं। यह कब्ज, दस्त और अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में भी सहायक है। दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया आंत के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं और पाचन क्रिया को मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा दही का सेवन शरीर में पानी की कमी को पूरा करने और शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद कर सकता है।
#5
केला
केला पोटेशियम का एक बेहतरीन स्रोत होने के साथ-साथ फाइबर युक्त होता है, जो पाचन क्रिया के लिए लाभदायक है। इसमें प्रीबायोटिक गुण भी होते हैं, जो आंत के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं और पाचन क्रिया को मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा केला शरीर में पानी की कमी को पूरा करने और शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद कर सकता है।