सावन में उपवास रखने वाले लोग खा सकते हैं ये 5 व्यंजन, बनी रहेगी ऊर्जा
क्या है खबर?
इस साल सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हो रहा है और इसे हिंदू धर्म में बहुत अहमियत दी जाती है। इस दौरान कई लोग भगवान शिव की पूजा के लिए उपवास रखते हैं। हालांकि, उपवास के दौरान लोग एक ही तरह के व्यंजन खाते हैं, जिससे उनका मन उब सकता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे व्यंजनों की जानकारी देते हैं, जिन्हें आप सावन के उपवास में खा सकते हैं।
#1
साबूदाना वड़ा
साबूदाना वड़ा बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना को धोकर 6 घंटे के लिए भिगो दें, फिर एक कटोरे में उबले हुए आलू को मसलकर डालें।
इसके बाद इसमें भिगोया हुआ साबूदाना, भूना हुआ काजू, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, नींबू का रस, अदरक का पेस्ट, सेंधा नमक और जीरा डालकर अच्छे से मिलाएं।
अब मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें तेल में सुनहरा भूरा होने तक तल लें। इसके बाद इन्हें चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।
#2
आलू के चिप्स
इसके लिए सबसे पहले आलू को छीलकर पतले-पतले टुकड़ों में काटें, फिर इन्हें पानी से धोकर सुखा लें। इसके बाद आलू के टुकड़ों को सेंधा नमक और तेल में डालकर सुनहरा भूरा होने तक तल लें।
अब इन्हें एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें। अंत में इन पर स्वादानुसार सेंधा नमक छिड़ककर इन्हें परोसें।
आप इन्हें चाय के साथ खा सकते हैं।
#3
राजगिरा ढोकला
सबसे पहले एक कटोरे में राजगिरा का आटा, दही, अदरक का पेस्ट, नमक और बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिलाएं, फिर इस मिश्रण को 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
इसके बाद एक बर्तन में पानी डालकर उसे उबालें और उसके ऊपर एक प्लेट रखकर उस पर ढोकला का मिश्रण फैलाएं, फिर 10 मिनट के लिए इसे भाप में पकाएं।
अब ढोकले को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर तड़का लगाकर परोसें।
#4
कुट्टू के आटे का चीला
कुट्टू के आटे के चीले की रेसिपी की शुरुआत करने के लिए एक कटोरे में जीरा, कुट्टू का आटा, हरी मिर्च, सेंधा नमक और पानी मिलाएं।
एक पैन पर घी डालें और तैयार बैटर को चिमचे की मदद से फैलाएं। जब चीला तैयार हो जाए तो उसपर घिसा हुआ पनीर, सेंधा नमक और अदरक डालकर परोसें।
इसके साथ आप इमली की चटनी खा सकते हैं, जिसे इमली, पानी, अदरक का पाउडर, लाल मिर्च और चीनी मिलाकर तैयार किया जाता है।
#5
सिंघाड़े के आटे का हलवा
अगर आप उपवास करते समय कुछ मीठा खाना चाहते हैं तो एक बार सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाकर देखें। इसके लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में घी डालें और उसमें सिंघाड़े का आटा डालकर भून लें।
इसे तब तक भूनें जब तक इसका रंग हल्का भूरा न हो जाए। अब इसमें दूध और चीनी डालकर धीमी आंच पर पकने दें। जब हलवा गाढ़ा होने लगे तब उसमें इलायची पाउडर डालकर गर्मा-गर्म परोस लें।