Loading...
खाना बनाना पसंद नहीं, लेकिन डिनर ऑर्डर कर-कर के थक गए हैं? ये 5 व्यंजन बनाएं
झटपट बनने वाले डिनर

खाना बनाना पसंद नहीं, लेकिन डिनर ऑर्डर कर-कर के थक गए हैं? ये 5 व्यंजन बनाएं

लेखन सयाली
Sep 19, 2026
03:42 pm

क्या है खबर?

अगर आपको खाना बनाना पसंद नहीं है और बार-बार डिनर ऑर्डर कर-कर के थक गए हैं तो अब आपको इन दोनों ही स्थितियों का सामना करने की जरूरत नहीं है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे पकवानों की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें बनाने के लिए ज्यादा समय नहीं लगेगा और इनका स्वाद भी बहुत अच्छा होगा। इन व्यंजनों को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

#1

मूंग दाल की खिचड़ी

सबसे पहले एक कटोरे में मूंग दाल और चावल को धोकर पानी में भिगो दें, फिर एक प्रेशर कुकर में पानी, मूंग दाल, चावल, हल्दी पाउडर, नमक और घी डालकर एक साथ मिलाएं।

अब कुकर को ढक्कन लगाकर मध्यम आंच पर 3 सीटी लगवाएं। इसके बाद खिचड़ी को एक प्लेट में निकालकर उस पर घी डालें और इसे गर्मा-गर्म परोसें।

इसे दही या पापड़ के साथ भी खा सकते हैं।

#2

सॉटेड वेजी और चीज सॉस

अगर आपको तुरंत बनने वाला खाना खाने का मन है तो सॉटेड वेजी और चीज सॉस बनाकर चखें। इसके लिए पहले अपनी पसंद की सब्जियों को काट लें।

इनमें गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, मशरूम, ब्रोकली, पनीर और बीन्स आदि शामिल करें। इन्हें हल्के तेल में नमक और काली मिर्च के साथ भून लें।

इसके बाद पैन में मक्खन, चीज और दूध डालकर गाढ़ा सॉस बनाएं और उसमें सीजनिंग डालकर सब्जियों के साथ खाएं।

ADVERTISEMENT

#3

पनीर भुर्जी

पनीर भुर्जी बनाने के लिए पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें, फिर इसमें जीरा, हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें। अब इसमें टमाटर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और नमक मिलाएं।

इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर डालकर इसे 5 मिनट तक पकाएं। अंत में इसमें हरी धनिया और नींबू का रस मिलाकर इसे रोटी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

यह व्यंजन बहुत ही सरल और जल्दी बनने वाला है।

ADVERTISEMENT

#4

दाल तड़का

सबसे पहले एक प्रेशर कुकर में दाल को पानी के साथ पकाएं, फिर एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, हींग, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर भूनें।

अब इसमें टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं। इसके बाद इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं, फिर इसमें पकी हुई दाल डालकर 5 मिनट तक पकाएं।

अंत में इस पर हरी धनिया डालकर इसे रोटी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

#5

सैंडविच

सैंडविच एक ऐसा व्यंजन है, जिसे आप अपनी पसंद के हिसाब से भारी या हल्का बना सकते हैं। यह झटपट बन जाता है और पेट भी भर देता है। इसके लिए पहले सब्जियां काटें और पनीर को काटकर ग्रिल कर लें।

अब ब्रेड की एक स्लाइस पर मक्खन और सॉस लगाएं और ऊपर से सभी सब्जियां रखें। इस पर चीज की स्लाइस रखें, सीजनिंग डालें और दूसरी ब्रेड की स्लाइस रखें।

आप चाहें तो इसे ग्रिल करके खा सकते हैं।

ADVERTISEMENT