गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के साथ करें ये कलात्मक गतिविधियां, आएगा खूब मजा
क्या है खबर?
बच्चों के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां बोल दी गई हैं, जो मजे करने और आराम करने का बढ़िया मौका होती हैं।
ज्यादातर बच्चे इस दौरान नानी के घर जाना पसंद करते हैं या दिनभर खेल-कूद में लगे रहते हैं।
हालांकि, इन छुट्टियों का सदुपयोग करने के लिए आप अपने बच्चों के साथ मिलकर कुछ काला से जुड़ी गतिविधियां कर सकते हैं।
इन गतिविधियों के जरिए वे कुछ नया भी सीखेंगे और उनकी रचनात्मकता भी बढ़ जाएगी।
#1
पेंटिंग
अपने बच्चों के नन्हें-नन्हें हाथों में पेंट ब्रश थमाकर आप उन्हें पेंटिंग सिखा सकते हैं। यह गतिविधि बच्चों को आनंदमय लगेगी और वे इसके जरिए कला के मूल सीख पाएंगे।
सबसे पहले उन्हें पहले से बने चित्रों में रंग भरना सिखाएं। शुरुवात में पेंट कलर के बजाय क्रेयॉन दें, ताकि वे बारीकी से रंग भरना सीख सकें।
इसके बाद आप उन्हें पेंट कलर और ब्रश दे सकते हैं, ताकि वे अपनी कल्पना के जरिए कागज पर सुंदर कलाकृतियां उकेर सकें।
#2
क्ले से चीजें बनाना
बच्चों को क्ले से खेलना पसंद होता है, क्योंकि वह चिपचिपा और मुलायम होता है। इसके जरिए आप खेल-खेल में उन्हें नई-नई चीजें बनाना सिखा सकते हैं।
बाजार से क्ले खरीदकर लाएं और उसके जरिए बच्चों को जानवर, सितारे या अन्य आकार बनाकर दिखाएं। इससे बच्चों की दिलचस्पी बढ़ेगी और वे खुद भी नई-नई चीजें बनाना शुरू कर देंगे।
अपने बच्चे को क्ले से खुद खेलने दें, ताकि वह अपने कौशल और दिमाग का इस्तेमाल करके आकार बनाना सीख सके।
#3
जेवर बनाना
बाजार में जेवर बनाने वाली कई किट मिलती हैं। इनमें अलग-अलग डिजाइन, रंगों और आकार के स्टोन व तार आदि मौजूद होते हैं।
आप गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों के लिए यह किट खरीद सकते हैं, जिनकी मदद से वह जेवर बना सकेंगे। इसके जरिए वे हार, अंगूठी, कड़े और पायल जैसे जेवर तैयार कर पाएंगे।
हालांकि, जेवर बनाने के लिए उन्हें सुई कभी न दें। बाद में खेलते समय वह इन जेवरों को पहन भी सकेंगे।
#4
हैंड और फिंगर पेंटिंग
बच्चों को ऐसी गतिविधियां करने में बहुत आनंद आता है, जिसमें उनके हाथ-पैर गंदे होते हों। आप छुट्टियों के दौरान उनके साथ मिलकर हैंड पेंटिंग या फिंगर पेंटिंग कर सकते हैं।
यह गतिविधि वाकई मजेदार होती है और इसे करना भी बेहद आसान होता है। इसके लिए बच्चों के हाथों पर उनका पसंदीदा पेंट लगाएं और कागज पर उनकी छाप लगवाएं।
आप फिंगर पेंटिंग के जरिए पेड़, फूल और मछलियां आदि बना सकते हैं।
#5
आइसक्रीम स्टिक से पेन स्टैंड बनाना
बच्चों को क्राफ्टिंग करने में बड़ा मजा आता है, जो छुट्टियों का सदुपयोग करने का एक और आनंदमय तरीका है। आप बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम स्टिक की मदद से उन्हें नया-नया सामान बनाना सिखा सकते हैं।
आइसक्रीम स्टिक से पेंसिल स्टैंड बनाना बेहद आसान होता है, जिनमें केवल स्टिक्स को गोल-गोल चिपकाना होता है।
बनने के बाद आप इस पेंसिल स्टैंड को बच्चों की टेबल पर रख सकते हैं, जिसे देखकर वे और चीजें बनाने को प्रेरित होंगे।