कमक्वाट है एक बेहद पौष्टिक फल, जानिए इसका सेवन करने के 5 फायदे
क्या है खबर?
कमक्वाट एक छोटा-सा खट्टा और मीठा फल है, जो विटामिन-C, विटामिन-B6, पोटेशियम और फाइबर का बेहतरीन स्त्रोत है। आमतौर पर इसे संतरे जैसा ही फल माना जाता है, लेकिन इसका स्वाद संतरे से थोड़ा अलग होता है। यह फल छोटे आकार का होने के साथ-साथ कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। आइए इसके सेवन से मिलने वाले सेहत के लाभों के बारे में जानते हैं।
#1
पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने में है सहायक
पाचन क्रिया को ठीक रखने में कमक्वाट का सेवन अहम भूमिका निभा सकता है। यह फाइबर का एक बेहतरीन स्त्रोत है, जो कब्ज, अपच, गैस और पेट दर्द जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। इसके अलावा फाइबर पेट को भरकर लंबे समय तक तृप्ति का अहसास दिला सकता है, जिससे आप अस्वास्थ्यकर स्नैक्स खाने से बच सकते हैं और वजन नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
#2
रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने में है कारगर
रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने में भी कमक्वाट अहम भूमिका निभा सकता है। इसका मुख्य कारण है कि यह विटामिन-C से भरपूर होता है, जो शरीर की सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा इसमें सूजन कम करने वाले गुण भी मौजूद होते हैं, जो शरीर की सूजन को कम करने में सहायक हो सकते हैं। इसकी मदद से आप बीमार नहीं पड़ेंगे और जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।
#3
मधुमेह के जोखिम को कम करने में है प्रभावी
खून में शक्कर की मात्रा बढ़ने से मधुमेह का खतरा हो सकता है, लेकिन कमक्वाट में मौजूद गुण खून में शक्कर की मात्रा को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे मधुमेह के प्रकार एक और 2 के जोखिम कम होने में सहायता मिल सकती है। हालांकि, जिन लोगों को पहले से ही मधुमेह है तो वे डॉक्टरी सलाह के बाद ही इस फल को अपनी डाइट में शामिल करें।
#4
हृदय के लिए है लाभकारी
हृदय को स्वस्थ रखने में भी कमक्वाट फायदेमंद हो सकता है। कई अध्ययनों के मुताबिक, इसमें ऐसे गुण होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रोल के स्तर को कम करके हृदय को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें कुछ खास पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं, जो हृदय रोग के खतरे को दूर रखने में सहायक होते हैं। अपने डॉक्टर से बात करें और उनकी सलाह के बाद इस फल को खाना शुरू करें।
#5
त्वचा के लिए भी है फायदेमंद
कमक्वाट न केवल सेहत, बल्कि त्वचा के लिए भी फायदेमंद है। इसमें मौजूद गुण त्वचा को नमी देने और मुंहासों की समस्या को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद विटामिन-C त्वचा की चमक को बढ़ाने में सहायक हो सकता है। लाभ के लिए रोजाना एक या 2 कमक्वाट का सेवन करें या फिर इससे बने फेस मास्क का उपयोग करें। यह फल वाकई आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होगा।