LOADING...
ऊर्जा का अच्छा स्रोत है मखाना, जानिए इससे बनाए जाने वाले 4 स्नैक्स की रेसिपी
मखाना से बने स्नैक्स

ऊर्जा का अच्छा स्रोत है मखाना, जानिए इससे बनाए जाने वाले 4 स्नैक्स की रेसिपी

लेखन सयाली
Apr 13, 2026
07:31 pm

क्या है खबर?

मखाना एक बेहद पौष्टिक खाद्य पदार्थ है, जिसे कमल के बीज के रूप में भी जाना जाता है। मखाने में प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी तत्व होते हैं। आमतौर पर लोग मखाने को भूनकर खाते हैं, लेकिन इससे कई तरह के स्वादिष्ट और पौष्टिक स्नैक्स भी बनाए जा सकते हैं। आइए मखाने से बनने वाले 4 सेहतमंद स्नैक्स की रेसिपी जानें, जो वजन भी नहीं बढ़ाते हैं।

#1

मखाना चाट

मखाना चाट बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को हल्का-सा घी में भूनें। फिर इसमें पुदीने की पत्तियां, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर भूनें। इसके बाद एक अन्य पैन में थोड़ा-सा पानी डालकर पकाएं। जब पानी उबलने लगे, तो इसमें भुना हुआ जीरा, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर, नमक और नींबू का रस मिलाएं। अब इसमें भुने हुए मखाने डालकर अच्छे से मिलाएं। अंत में हरा धनिया डालकर इसे गर्मा-गर्म परोसें।

#2

मखाना बर्गर

मखाना बर्गर बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू को मैश करें और उसमें भुने हुए मखाने मिला दें। इसके बाद इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, नमक और धनिया पत्ती डालकर मिलाएं। इस मिश्रण को छोटे-छोटे गोल आकार में बनाकर तवे पर हल्का तेल डालकर सुनहरा होने तक सेंके। अंत में इन्हें ब्रेड के बीच रखकर परोसें। आप बर्गर को किसी भी सॉस के साथ खा सकते हैं।

Advertisement

#3

गुड़ वाले मखाने

अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं और कुछ हल्का खाने का जी कर रहा है तो गुड़ वाले मखाने बना लें। इसके लिए एक पैन में थोड़ा-सा पानी गर्म करें और उसमें गुड़ डालकर पिघला लें। जब गुड़ पिघल जाए तो उसमें मखाने डालें और उन्हें अच्छी तरह से मिला लें। आप चाहें तो इसमें अन्य मसाले भी डाल सकते हैं। इस स्नैक को खाने से आपको वजन बढ़ने की चिंता भी नहीं सताएगी।

Advertisement

#4

मखाना टिक्का

मखाना टिक्का बनाने के लिए एक बड़े कटोरे में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें। इसमें भुने हुए मखाने डालकर अच्छे से मिलाएं, ताकि सभी मखानों पर मिश्रण लग जाए। इसके बाद मखानों को स्टिक पर लगाकर ग्रिल करें, जब तक कि वे सुनहरे भूरे रंग के न हो जाएं। इन्हें अपनी पसंद की चटनी के साथ मजे से खाएं।

Advertisement