सेहत का खजाना है शतावरी, इस पौष्टिक हरी सब्जी से बनाएं ये 4 स्वादिष्ट पकवान
क्या है खबर?
शतावरी यानि ऐस्पैरागस एक पौष्टिक सब्जी है, जो विटामिन और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। आमतौर पर इसे उबालकर या भूनकर खाया जाता है। हालांकि, इससे कई अनोखे और स्वादिष्ट व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं। इस लेख में हम आपको शतावरी से बनने वाले 4 नए व्यंजनों की रेसिपी बताएंगे, जो घर में सभी को पसंद आएंगे। इन्हें खान-पान में शामिल करना स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छा निर्णय होगा।
#1
शतावरी की टिक्की
शतावरी की टिक्की एक बेहतरीन नाश्ता है, जिसे आप शाम की चाय के साथ परोस सकते हैं। यह पकवान सुनने में अलग लगता है, लेकिन यह बनाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले शतावरी को उबालकर मैश कर लें। इसके बाद इसमें आलू, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और मसाले मिलाकर टिक्कियों का आकार दें। अब इन टिक्कियों को तवे पर हल्का-सा तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेंक लें।
#2
शतावरी की सब्जी
शतावरी की सब्जी एक बेहतरीन भोजन होगा, जब आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हों। इसके लिए सबसे पहले प्याज, टमाटर, अदरक-लहसुन का पेस्ट और मसालों को भूनकर ग्रेवी तैयार करें। इसके बाद इसमें कटी हुए शतावरी डालकर पकाएं, जिसे आप भाप में पकाकर भी डाल सकते हैं। थोड़ी देर पकाने के बाद इसमें नारियल का दूध मिलाएं, ताकि सब्जी मलाईदार हो जाए। इसे चावल या रोटी के साथ गर्मा-गर्म परोसें और इसका भरपूर आनंद लें।
#3
शतावरी का पुलाव
शतावरी का पुलाव एक अनोखा और पौष्टिक व्यंजन है, जिसे आप दोपहर या रात के खाने में बना सकते हैं। इसके लिए बासमती चावल को घी में जीरा, लौंग और दालचीनी आदि जैसे मसालों के साथ भूनें। इसके बाद इसमें कटी हुई शतावरी डालकर पकाएं। थोड़ी देर बाद पानी डालकर चावल को ढककर पकने दें। यह पुलाव न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें मौजूद विटामिन और पोषक तत्व सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं।
#4
स्टिर फ्राई शतावरी
शतावरी खाने का सबसे अच्छा, पौष्टिक और आसान तरीका है उसे स्टिर फ्राई कर लेना। इसके लिए सबसे पहले एक पैन को गर्म करें और उसमें मक्खन या घी डालें। जब यह पिघल जाए तो इसमें लहसुन डालकर अच्छी तरह भून लें। इसी दौरान इसमें चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो, नमक, काली मिर्च और लाल मिर्च जैसे मसाले मिलाएं। अब इसमें शतावरी डालें और अच्छी तरह पक जाने तक भून लें। ऊपर से परमजान चीज डालें और खाएं।