भुवनेश्वर: पटाखे चलाने के कारण युवक की धारदार हथियार से हत्या
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में रविवार रात को दिवाली के मौके पर पटाखे चला रहे एक युवक की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, युवक और उसके कुछ साथी जब पटाखे चला रहे थे, तभी 15-20 लोगों ने आकर उन्हें रोका और पटाखे चलाने से मना किया। झगड़ा बढ़ने पर बाहर से आए लोगों ने युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
दिवाली का उत्सव बना रहे थे अमरेश नायक और उसके साथी
मामला भुवनेश्वर के एयरफील्ड पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। यहां अमरेश नायक और उसके कुछ साथी दिवाली का उत्सव बनाते हुए पास के ही एक मैदान में पटाखे फोड़ रहे थे। तभी हथियार लिए 15-20 लोग वहां आ गए और इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों समूहों में बहस होने लगी और हथियार लेकर आए युवकों ने अमरेश और उसके साथियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
अमरेश को आईं गंभीर चोटें, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हमले में अमरेश को गंभीर चोटें आईं और उसे जल्दी से पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है।
अमरेश के साथी ने बताई आपबीती
एक शिकायतकर्ता देवी प्रसाद सेठी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, "हम पार्टी कर रहे थे और पटाखे फोड़ रहे थे, तभी कुछ युवक आए और हमसे उत्सव रोकने को कहा। उनमें शामिल रघुआ ने हमें बंदूक दिखाई और बाकी दो, कुना और बाबुल, ने हम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।" उन्होंने आगे कहा, "मैं जैसे-तैसे मौके से भागने में कामयाब रहा और अमरेश के परिवार को जाकर घटना की सूचना दी।"
पहले भी होती रही है दोनों समूहों में लड़ाई
खबरों के अनुसार, दोनों समूहों में अच्छे रिश्ते नहीं थे और उनके बीच पहले भी विवाद हो चुके हैं। भुवनेश्वर DCP अनूप साहू ने कहा, "जब लड़ाई हुई तब युवक अन्य लोगों के साथ उत्सव बना रहा था। विरोधी समूह के कुछ युवकों ने उस पर हमला किया। उसे एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।" उन्होंने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।