दिल्ली में तपती गर्मी का कहर, क्या रविवार से मिलेगी राहत? जानें बाकी शहरों का हाल
इस शनिवार दिल्ली में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने शहर में लू के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पंजाब और हरियाणा में भी लू चलने की आशंका है।
दिल्ली का पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही, तेज हवाएं भी चलने की उम्मीद है। हालांकि, राहत की बात यह है कि IMD ने रविवार से बारिश की संभावना जताई है, जिससे गर्मी से कुछ निजात मिल सकती है।
मुंबई में चिपचिपाहट, बेंगलुरु में गर्मी और महाराष्ट्र में बारिश
मुंबई में आसमान साफ रहने के साथ गर्मी और चिपचिपी उमस बनी रहेगी। यहां तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बेंगलुरु के लोगों को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे। यहां का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है और अभी बारिश दूर की बात है। हालांकि, 28 अप्रैल से गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
उधर, महाराष्ट्र में शनिवार को कुछ जगहों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।