जयपुर: घर के बगीचे का खौफनाक रहस्य, लिव-इन पार्टनर फरार
देश
जयपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 32 साल की किरण अपने किराए के मकान के बगीचे में दबी हुई मिली। मकान मालिक को मिट्टी में कुछ असामान्य दिखा, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को शक है कि किरण के लिव-इन पार्टनर प्रवेश ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रवेश किरण के शव मिलने से कुछ दिन पहले ही फरार हो गया था।
प्रवेश की तलाश में जुटी पुलिस
किरण और प्रवेश करीब 2 महीने पहले ही प्रेस्टीज कॉलोनी के इस मकान में रहने आए थे। प्रवेश, किरण को अपनी पत्नी बताता था। आरोप है कि किरण की हत्या के बाद प्रवेश ने घर में ताला लगाया और वहां से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। साथ ही यह जानने की कोशिश भी की जा रही है कि इस खौफनाक वारदात की वजह क्या थी। पुलिस किरण के परिवार वालों से भी संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।