अहमदाबाद: युवती की हादसे में मौत का मामला ऑनर किलिंग निकला, पिता-भाई ने रची साजिश
क्या है खबर?
अहमदाबाद में 22 वर्षीय युवती सोफिया की कथित सड़क हादसे में मौत को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने सोफिया के भाई और पिता को ही गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर सोफिया की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस का कहना है कि दोनों को शक था कि सोफिया का किसी युवक के साथ संबंध है। इसी के बाद दोनों ने उसकी हत्या कर दी और उसे हादसा दिखाने की साजिश रची।
मामला
कथित सड़क दुर्घटना में हुई थी सोफिया की मौत
दरअसल, शहर के फतेहवाड़ी इलाके में रहने वाली 22 वर्षीय सोफिया की 12 अगस्त को एक कथित सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। घटना में उसका भाई हाबिल भी घायल हो गया था।
हाबिल ने पुलिस को बताया था कि एक अज्ञात वाहन उनकी बाइक को टक्कर मारकर भाग गया, जिससे सोफिया की मौत हो गई।
पुलिस ने जांच शुरू की तो कथित घटनास्थल पर दुर्घटना के कोई संकेत नहीं मिले। CCTV फुटेज में भी कोई वाहन नहीं दिखा।
हत्या
भाई ने हथौड़े से की सोफिया की हत्या
पुलिस के मुताबिक, हाबिल अपनी बहन को लेकर उसके अस्पताल गया। लौटते हुए वो बाइक को गेलजीपुरा गांव के पास एक सुनसान कच्ची सड़क पर ले गया। यहां उसने सोफिया के सिर पर हथौड़े से वार किए।
इसके बाद सोफिया के शव को वापस मुख्य सड़क पर लाकर रख दिया और दुर्घटना दिखाने के लिए बाइक में भी तोड़-फोड़ कर दी।
पुलिस का कहना है कि सोफिया का एक युवक के साथ वीडियो वायरल हुआ था, जिससे परिवार नाराज था।