गरीब रथ में सांसें अटकीं, देर से पहुंची मदद: महिला की मौत पर ट्रेनों में डॉक्टर को लेकर उठे सवाल
बांद्रा-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अपने बेटे के साथ सफर कर रही एक महिला की कथित तौर पर समय पर डाक्टरी मदद न मिलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई थी। उनके सह-यात्री, सोहेब सय्यद ने बताया कि जैसे ही ट्रेन गुजरात के भरूच स्टेशन से आगे निकली, उन्होंने तुरंत ट्रेन रोकने और मदद बुलाने के लिए स्टाफ से गुहार लगाई, लेकिन स्टाफ की तरफ से प्रतिक्रिया काफी धीमी रही।
एंबुलेंस भी देर से पहुंची
ट्रेन स्टाफ ने यात्रियों को बताया कि ट्रेन करजन स्टेशन पर रुकेगी, जहां उनके लिए एम्बुलेंस का इंतजाम किया गया है। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने तुरंत कार्रवाई की और कुछ ही मिनटों में मदद पहुंचाई, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से सोशल मीडिया पर लोगों में काफी गुस्सा है। वे बेहतर आपातकालीन प्रोटोकॉल की मांग कर रहे हैं, साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर भारतीय ट्रेनों में मेडिकल स्टाफ क्यों नहीं होता है?