उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मनोज कुमार शुक्ला नाम के शख्स को अपनी पत्नी सुमन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि उसने सोते समय कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी की जान ले ली। इस वारदात का गवाह उनका 14 साल का बेटा बना। मनोज के मौके से फरार होने के बाद बेटे ने अपनी नानी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सुमन की मां ने मनोज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
पुलिस के अनुसार, मनोज को कई सालों से अपनी पत्नी सुमन के किसी और के साथ संबंध होने का शक था। इसी शक की वजह से वह अक्सर सुमन को परेशान करता था और उनके घर में लगातार तनाव बना रहता था। लगभग 4 साल पहले पानीपत में हुई एक घटना के बाद दोनों के रिश्ते और खराब हो गए थे। अब सुमन की मां ने मनोज और उसकी मां के खिलाफ बेटी को प्रताड़ित करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। परिवार इस मुश्किल घड़ी से गुजर रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।