LOADING...
कौन है कानपुर के तंबाकू कारोबारी, जिसके बेटे ने लेम्बोर्गिनी से 6 लोगों को उड़ाया?
कानपुर में लेम्बोर्गिनी चलाने वाले शिवम मिश्रा कारों के शौकीन हैं

कौन है कानपुर के तंबाकू कारोबारी, जिसके बेटे ने लेम्बोर्गिनी से 6 लोगों को उड़ाया?

लेखन गजेंद्र
Feb 09, 2026
11:32 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के औद्योगिकी शहर कानपुर में रविवार को एक तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी बेशकीमती लेम्बोर्गिनी कार से 6 से ज्यादा पैदल यात्रियों और दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी। घटना पॉश ग्वालटोली इलाके में रेव-3 मॉल के पास घटी है। इस दौरान एक बुलेट सवार को ऐसी टक्कर लगी कि वह हवा में उछल गया और 10 फीट दूर जाकर गिरा। कार चलाने वाला युवक शिवम मिश्रा (45) है, जो कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है।

पहचान

केके मिश्रा के घर पर पड़ चुका है छापा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिश्रा कानपुर में बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी चलाते हैं, जो क्षेत्र में नामी गुटखा निर्माताओं को तंबाकू की आपूर्ति करती है। कंपनी के मुख्यालय पर 2 साल पहले 28 फरवरी, 2024 को आयकर विभाग का छापा पड़ चुका है। उस समय मिश्रा के दिल्ली स्थित बंगले से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कारें विभाग को मिली थी। विभाग को 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कर चोरी मिली और नकदी जब्त की गई थी।

शौकीन

कारों का शौकीन है परिवार, सभी पर 4018 नंबर

छापे के दौरान विभाग को इनकी कोठी से मिली कई कारों में 60 करोड़ से ज्यादा कीमत की बेशकीमती कारें भी शामिल थीं। शिवम महंगी कारों के शौकीन हैं। इनके पास 16 करोड़ की रोल्स-रॉयस फैंटम कार, लेम्बोर्गिनी, फरारी, मॅकलारेन कारों का पता चला था। इनकी सभी कार दिल्ली में पंजीकृत हैं और 4018 है। वे अपने जन्मदिन में बॉलीवुड के कई अभिनेताओं को करोड़ों खर्च कर बुला चुके हैं। तभी वे, आयकर विभाग के रडार में आए थे।

Advertisement

चर्चा

आरोपी पहनता है हीरे की घड़ी

कंपनी ने अपने कारोबार की वार्षिक आय 20 से 25 करोड़ रुपये घोषित की थी, लेकिन आयकर विभाग ने उसका वास्तविक कारोबार 100 से 150 करोड़ रुपये का अनुमान जताया था। अधिकारियों का दावा था कि कंपनी ने आयकर कानूनों से बचने और वस्तु एवं सेवा कर (GST) नियमों का उल्लंघन किया और विदेशी खातों का उपयोग करके धन छिपाया गया था। शिवम के पास कई महंगी घड़ियां हैं। इनमें एक हीरे जड़ी घड़ी की कीमत 25 लाख रुपये है।

Advertisement

अंक

कार का नंबर 4018 क्यों है?

शिवम की सभी कारों का नंबर 4018 है, जबकि यह न तो जन्म वर्ष और न ही अंक ज्योतिषीय प्राथमिकता वाली तिथि है। गूगल पर 4018 को एक "एंजल नंबर" बताया गया है, जो आधुनिक अंकशास्त्र से लिया गया एक शब्द है, जिसमें कुछ निश्चित संख्या अनुक्रमों को प्रतीकात्मक अर्थ रखने वाला माना जाता है। 4018 में 4 स्थिरता और मजबूत नींव, 0 अनंत संभावनाओं और पूर्णता, 1 नई शुरुआत का और 8 शक्ति या धन का प्रतीक है।

मुकदमा

आरोपी शिवम पर मुकदमा दर्ज, बाउंसरों ने पीड़ितों से दुर्व्यवहार किया

कानपुर में लेम्बोर्गिनी हादसे के बाद पीड़ितों ने आरोपी शिवम को कार से बाहर निकाल लिया। हालांकि, बाउंसर और पुलिस ने उनको भीड़ से बचाया। पीड़ितों का कहना है कि शिवम के बाउंसरों ने पीड़ितों से घटनास्थल पर और थाने पर भी दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने कार को थाने में सुरक्षित खड़ा किया है। पीड़ितों की शिकायत के बाद शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।

ट्विटर पोस्ट

थाने में खड़ी लेम्बोर्गिनी

Advertisement