दिल्ली में छठ पूजा को लेकर क्या-क्या की गई तैयारियां और सुरक्षा के कैसे हैं इंतजाम?
क्या है खबर?
पूर्वांचल वासियों की आस्था के केंद्र 'छठ पूजा' को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पूरी तरह सजने लगी है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य इस बार व्रतियों और उनके परिवारों को पूरी तरह से स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल प्रदान करना है। पिछले वर्ष के 1,326 घाटों की तुलना में इस साल सरकार 1,400 से अधिक घाट विकसित कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसके लिए विशेष बैठक कर अधिकारियों को समय से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
आकर्षण
मुनक नहर के किनारे बनाए जाएगा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट
इस साल बड़े इंतजामों में मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट बनाना है।
यह हिस्सा आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक फैला होगा। घाट के दोनों तरफ सीढ़ियां होंगी और भक्तों के आवागमन के लिए पक्की सड़क भी होगी।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 12 नवंबर को सिंगलपुर गांव के पास एक कार्यक्रम में घाट का उद्घाटन करेंगे। सरकार छठ पूजा के लिए इस हिस्से को विकसित कर रही है।
घाट
दिल्ली में तैयार किए जा रहे हैं 1,400 से अधिक घाट
दिल्ली सरकार इस साल छठ पूजा के लिए 1,400 से ज्यादा घाट तैयार कर रही है, जबकि पिछले साल 1,326 घाट तैयार किए गए थे।
समीक्षा बैठक् के दौरान, मुख्यमंत्री गुप्ता ने अधिकारियों को बुनियादी ढांचे का काम पहले ही पूरा करने का निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहार के पास आने तक सिर्फ पानी भरने, टेंट लगाने और आखिरी सफाई जैसे काम ही बचे रहने चाहिए। जिला प्रशासन को घाटों का नियमित निरीक्षण करने को भी कहा गया है।
व्यवस्था
प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था
छठ पूजा की सुविधाओं की योजना बनाते समय ठंड के मौसम को भी ध्यान में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर अच्छी तरह से ढके हुए टेंट का इंतजाम करने को कहा है।
महिलाओं की सुविधाओं पर खास ध्यान रखते हुए अधिकारियों को सभी बड़े घाटों पर काफी संख्या में चेंजिंग रूम और टॉयलेट मौजूद बनाने और सभी सुविधाएं पूरे त्योहार के दौरान साफ और चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा
सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम और CCTV कैमरे
लाखों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी बड़े और संवेदनशील घाटों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।
घाटों की तरफ जाने वाले सभी रास्तों और मुख्य सड़कों पर अतिरिक्त लाइट्स लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
मुख्य सड़कों से दिखने वाले प्रमुख स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार लगाए जाएंगे और कुछ घाटों को 'मॉडल छठ घाट' के रूप में आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
बयान
मुख्यमंत्री गुप्ता ने क्या दिया है बयान?
बैठक में मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि छठ सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार चाहती है कि व्रत रखने वाला हर श्रद्धालु और आने वाला हर आगंतुक पूरी आस्था, गरिमा और मानसिक शांति के साथ इस महापर्व को मना सके। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"