LOADING...
पश्मिना शॉल, मखाने और चांदी की नाव; प्रधानमंत्री ने विदेश दौरे पर दिए ये खास तोहफे
प्रधानमंत्री ने 5 देशों की यात्रा के दौरान राष्ट्राध्यक्षों को खास तोहफे दिए हैं

पश्मिना शॉल, मखाने और चांदी की नाव; प्रधानमंत्री ने विदेश दौरे पर दिए ये खास तोहफे

लेखन आबिद खान
May 21, 2026
01:27 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में 5 देशों की यात्रा पर थे। हर बार की तरह इस बार भी उन्होंने अपने मेजबानों को भारत की संस्कृति और विरासत से जुड़े खास तोहफे भेंट किए हैं। इनमें पारंपरिक चित्रकला और हस्तनिर्मित आभूषणों से लेकर GI टैग वाले कृषि उत्पाद और हिमालयी वस्त्र तक शामिल हैं। इन तोहफों में भारत की समृद्ध कलात्मक विरासत, क्षेत्रीय शिल्प कौशल और पारंपरिक खान-पान की संस्कृति को दर्शाया गया है।

UAE

UAE प्रिंस को मखाने और कोफ्तगारी नक्काशी से सुसज्जित कटार

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से की, जहां उन्होंने क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। उन्होंने प्रिंस को मिथिला मखाना, या कमल के बीज उपहार में दिए, जो बिहार के मिथिला क्षेत्र का एक प्रीमियम कृषि उत्पाद है। इसे गुणवत्ता के लिए भौगोलिक संकेत (GI) टैग मिला हुआ है। इसके अलावा प्रिंस को कोफ्तगारी नक्काशी से सुसज्जित एक कटार भी भेंट किया गया है।

नीदरलैंड

नीदरलैंड की रानी को दी गईं कुंदन की बालियां

प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा को क्रमशः नीले रंग की मिट्टी की बनी और मीनाकारी और कुंदन की बालियां भेंट कीं। राजस्थान के जयपुर की नीली मिट्टी के बर्तन को भी GI टैग मिला हुआ है। यह अपने जीवंत कोबाल्ट नीले, सफेद और पीले डिजाइनों के लिए प्रसिद्ध है। वहीं, मीनाकारी और कुंदन की बालियां भारतीय आभूषण शिल्प कौशल की परंपराओं का प्रतीक हैं, जिनकी उत्पत्ति राजस्थान से हुई है।

Advertisement

स्वीडन

स्वीडन के प्रधानमंत्री को मिली खास पश्मिना शॉल

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन को लद्दाख की शुद्ध ऊन से बनी एक शॉल भेंट की। यह 5,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित सुदूर चांगथांग पठार में पाई जाती है और चांगथांगी बकरी की कोमल ऊन से बुनी जाती है। इसके अलावा प्रधानमंत्री को मणिपुर में लोकटक झील के आसपास की पहाड़ियों में उगाई जाने वाली प्रीमियम हस्तनिर्मित चाय और पश्चिम बंगाल की समृद्ध कलात्मक परंपराओं को दर्शाने वाला एक हस्तनिर्मित बैग भी दिया गया।

Advertisement

नॉर्वे

नॉर्वे के राजा को मिली चांदी की नौका

प्रधानमंत्री ने नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम को चांदी की एक जटिल नौका भेंट की, जो ओडिशा के कटक की चांदी की प्राचीन नक्काशी कला का नमूना है। साथ ही सूखे हुए ऑर्किड की पेंटिंग और ऑर्किड पेपरवेट भी दिए, जो सिक्किम की घाटियों से प्राप्त सूखे हुए ऑर्किड और फर्न से बनी कलाकृतियां हैं। नॉर्वे की रानी को ताड़ के पत्तों पर बना पट्टाचित्र भेंट किया गया, जो ओडिशा की सबसे विस्तृत पारंपरिक कला शैलियों में से एक है।

इटली

इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को मिले क्या खास तोहफे?

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को प्रधानमंत्री मोदी ने 2 शॉल भेंट किए- एक मूगा सिल्क स्टोल और एक शिरुई लिली सिल्क स्टोल। मुगा रेशम को असम का 'स्वर्ण रेशम' कहा जाता है, जो ब्रह्मपुत्र घाटी का दुर्लभ और प्रतिष्ठित वस्त्र है। वहीं, शिरुई लिली सिल्क स्टोल मणिपुर में स्थित शिरुई काशोंग शिखर से प्रेरित है। इटली के राष्ट्रपति को हस्तनिर्मित संगमरमर की जड़ाई का काम किया हुआ एक संदूक उपहार में दिया गया।

Advertisement