Loading...
#NewsBytesExplainer: क्या होती है एंटी-स्मॉग गन, प्रदूषण रोकने में ये कितनी कारगर?
दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए एंटी-स्मॉग गनों को तैनात किया जाता है (तस्वीर साभार- इंडियन एक्सप्रेस)

#NewsBytesExplainer: क्या होती है एंटी-स्मॉग गन, प्रदूषण रोकने में ये कितनी कारगर?

लेखन आबिद खान
Nov 14, 2026
05:57 pm

क्या है खबर?

सर्दियों और दिवाली के दौरान दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति बिगड़ चुकी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार 'बहुत खराब' से लेकर 'गंभीर' श्रेणी में बना हुआ है। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए एंटी-स्मॉग गन का सहारा लिया जा रहा है। ये मशीनें हवा में पानी की बारीक बूंदें छिड़कती हैं, ताकि धूल को रोका जा सके। आइए समझते हैं कि ये क्या होती हैं और प्रदूषण रोकने में कितनी कारगर हैं।

स्मॉग गन

क्या होती है एंटी-स्मॉग गन?

एंटी-स्मॉग गन ऐसी मशीनें हैं, जो हवा में पानी की बारीक-बारीक बूंदों का छिड़काव करती हैं। इन्हें स्प्रे गन, मिस्ट गन या वॉटर कैनन के नाम से भी जाना जाता है।

ये मशीनें उच्च दबाव वाले प्रोपेलर के जरिए पानी को बारीक धुंध में बदल देती हैं। आमतौर पर बूंदों का आकार 50-100 माइक्रोन होता है।

इस पूरे उपकरण को पानी की टंकी लगे एक वाहन पर फिट कर दिया जाता है।

तरीका

कैसे काम करती है एंटी-स्मॉग गन?

यह मशीनें अत्यंत महीन धुंध पैदा करती है, जो हवा में मौजूद धूल के कणों को पकड़ लेती है। ये बारीक बूंदें हवा में मौजूद धूल और सूक्ष्म कणों से जाकर चिपक जाती है।

ऐसा होने पर इन कणों और धूल का भार ज्यादा हो जाता है और ये जमीन पर आ जाते हैं। ये मशीनें 150 फीट की ऊंचाई तक पानी का छिड़काव कर सकती हैं और एक मिनट में 30 से 100 लीटर पानी की इस्तेमाल करती हैं।

ADVERTISEMENT

पहली बार

दिल्ली में पहली बार कब हुआ एंटी-स्मॉक गनों का इस्तेमाल?

दिल्ली सरकार ने सबसे पहले 2017 में एंटी-स्मॉग गन का परीक्षण किया था। इसके बाद से प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयासों के तहत चुनिंदा स्थानों पर इन मशीनों को स्थापित किया गया है।

इनका उपयोग निर्माण स्थलों और व्यस्त इलाकों में भी बढ़ाया गया है, जहां धूल ज्यादा उड़ती है।

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने एजेंसियों को धूल को नियंत्रित करने के लिए निर्माण स्थलों और प्रमुख सड़कों पर इनकी तैनाती बढ़ाने का निर्देश दिया है।

ADVERTISEMENT

असरदार

प्रदूषण से निपटने के लिए ये कितनी असरदार हैं?

एंटी-स्मॉग गन खास इलाके में धूल को कम करने में मदद कर सकती हैं, लेकिन व्यापक प्रदूषण से निपटने में इनकी प्रभावशीलता विवादित है।

पर्यावरणविदों का कहना है कि ये मशीनें केवल सीमित समय के लिए और एक खास क्षेत्र में ही राहत प्रदान कर सकती हैं।

साथ ही इनका असर अस्थायी होता है, क्योंकि ये अन्य स्रोतों से होने वाले प्रदूषण को वायुमंडल में प्रवेश करने से नहीं रोक सकतीं।

पानी

मशीनों द्वारा पानी के इस्तेमाल को लेकर भी चिंताएं

इन मशीनों द्वारा पानी की खपत को लेकर भी चिंताएं हैं।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, एक एंटी-स्मॉग गन हर मिनट 250 लीटर तक कोलीफॉर्म और बैक्टीरिया-मुक्त पानी का उपयोग कर सकती है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के वैज्ञानिक डी साहा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की तुलना में कम धूल भरी खुली हवा में इतने कम समय में सूक्ष्म कणों को पानी की बूंदों से चिपकने का मौका नहीं मिल पाता है।"

सरकार

एंटी-स्मॉग गन को लेकर क्या कहता है दिल्ली सरकार का आदेश?

29 मई को दिल्ली सरकार के पर्यावरण और वन विभाग ने आदेश जारी किया था। इसके तहत 6 मंजिला या इससे ऊंची इमारतों जैसे मॉल, होटल, कार्यालय या 3,000 वर्ग मीटर से अधिक निर्मित क्षेत्र वाली इमारतों में एंटी-स्मॉग गन लगाना अनिवार्य है।

आदेश में कहा गया कि हवा में धूल और कणों को दबाने के लिए एंटी-स्मॉग गन एक प्रभावी उपाय है और बड़े पैमाने पर लागू करने से हवा की गुणवत्ता पर इसका सकारात्मक असर पड़ सकता है।

ADVERTISEMENT