दिवाली पटाखों की आग ने थामी मुंबई की रफ्तार, 35 ट्रेनें रद्द
मुंबई के नल्लासोपारा-विरार रेलवे ट्रैक के पास दिवाली के पटाखों से देर रात आग लग गई, जिससे सोमवार को यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इस आग की वजह से सिग्नल के महत्वपूर्ण उपकरण जल गए। नतीजन, पश्चिमी रेलवे को 35 उपनगरीय ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और 150 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चलीं। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई की और आग पर काबू पा लिया, लेकिन इसका असर पूरे शहर में देखा गया।
9-10 नवंबर की रात तक पूरी व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद
रेलवे की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और क्षतिग्रस्त सिस्टम की मरम्मत के साथ-साथ नए केबल बिछाने का काम शुरू कर दिया। मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन अभी भी ट्रेनों की रफ्तार धीमी है और उनकी आवाजाही भी कम है। खासकर दक्षिण मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रोजाना का सफर काफी मुश्किल हो गया है। पूरी व्यवस्था 9-10 नवंबर की रात तक बहाल होने की उम्मीद है, इसलिए अगर आप इस रूट के नियमित यात्री हैं तो आपको थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।