जेन्सेन हुआंग के बाद एनवीडिया की कमान किसे मिलेगी? अगले CEO का नाम तय नहीं
क्या है खबर?
एनवीडिया के CEO जेनसेन हुआंग से जुड़े विवाद के बीच कंपनी के भविष्य के नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अगर 63 वर्षीय हुआंग को किसी कारण से अपना पद छोड़ना पड़ता है, तो कंपनी की जिम्मेदारी किसे मिलेगी, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया में फिलहाल ऐसा कोई अधिकारी नहीं है जिसे उनका तय उत्तराधिकारी माना जा सके। कंपनी के अहम फैसलों में हुआंग की भूमिका काफी बड़ी है।
नाम
चर्चा में कंपनी के इन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम
एनवीडिया में कई बड़े पदों पर अधिकारी काम कर रहे हैं, लेकिन कंपनी ने किसी को अगला CEO बनाने का संकेत नहीं दिया है।
इनमें वित्त प्रमुख कोलेट क्रेस, मुख्य वैज्ञानिक बिल डेली, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ड्वाइट डिएर्क्स और CUDA सॉफ्टवेयर के निर्माता इयान बक शामिल हैं।
ये सभी सीधे हुआंग को रिपोर्ट करते हैं। हालांकि, इनमें से कौन कंपनी की कमान संभाल सकता है, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कामकाज
एनवीडिया के कामकाज में हुआंग का बड़ा दखल
CNBC के अनुसार, कंपनी में करीब 33 अधिकारी सीधे जेनसेन हुआंग को रिपोर्ट करते हैं।
इससे पता चलता है कि एनवीडिया के कामकाज में उनका कितना प्रभाव है। बर्नस्टीन के विश्लेषक स्टेसी रैसगॉन का मानना है कि कंपनी का संचालन काफी हद तक हुआंग के नेतृत्व में होता है।
विवाद के बावजूद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने उन पर भरोसा जताया है। बोर्ड का कहना है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी से छेड़छाड़ का कोई संकेत नहीं मिला है।
परेशानी
अचानक नेतृत्व बदलने से कंपनी को हो सकती है परेशानी
एनवीडिया ने अपनी वित्तीय रिपोर्ट में भी माना है कि कंपनी में नेतृत्व का बदलाव आसान नहीं होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख अधिकारियों के अचानक जाने और उनके अनुभव का सही तरीके से हस्तांतरण नहीं होने पर कारोबार और भविष्य की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
वहीं, विश्लेषक टिम शुल्ज-मेलेंडर ने कहा है कि अगर जांच में हुआंग के मामले से जुड़ी कोई गंभीर बात सामने आती है, तो उन्हें CEO का पद छोड़ना पड़ सकता है।