पश्चिम बंगाल सरकार ने BSF को सौंपी 32 एकड़ जमीन, अब अभेद्य होगी भारत-बांग्लादेश सीमा
पश्चिम बंगाल सरकार ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) को भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने (फेंसिंग) के लिए 32 एकड़ जमीन दे दी है। इस कदम से सीमा पर फेंसिंग के काम में आ रही देरी अब खत्म हो सकेगी और कोर्ट की आलोचनाओं का भी जवाब मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि इन सीमाई इलाकों को पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित बनाया जाए।
दिलीप घोष ने जमीन ट्रांसफर के प्रस्तावों की जानकारी दी
पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने बताया कि जमीन हस्तांतरण (ट्रांसफर) के कई प्रस्ताव थे। इनमें मालदा, मुर्शिदाबाद और कूचबिहार में 1.53 एकड़ जमीन स्थायी सीमा चौकियों (बॉर्डर आउटपोस्ट) के लिए देने का एक प्रस्ताव शामिल था। इसके अलावा, उत्तर दिनाजपुर में 11 अलग-अलग जगहों पर बाड़ लगाने के काम के लिए 12.72 एकड़ जमीन ट्रांसफर करने का भी प्रस्ताव रखा गया था। कैबिनेट ने जलपाईगुड़ी के नागराकाटा में सेवक-रंगपो रेलवे लाइन परियोजना के लिए वन विभाग को 20 एकड़ जमीन देने पर भी विचार किया। इससे साफ है कि सरकार सिर्फ सीमा सुरक्षा पर ही नहीं, बल्कि स्थानीय बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर भी पूरा ध्यान दे रही है।