LOADING...
आंध्र प्रदेश: युवती ने शादी से पहले होने वाले पति को मिलने बुलाकर गला काटा
युवती ने शादी से पहले होने वाले पति को मिलने बुलाकर गला काटा।

आंध्र प्रदेश: युवती ने शादी से पहले होने वाले पति को मिलने बुलाकर गला काटा

Apr 19, 2022
03:17 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश में हैरान देने वाला मामला सामने आया हैं। वहां एक युवती ने इच्छा के खिलाफ शादी करने से नाराज होकर अपने होने वाले पति को सीक्रेट डेट (गोपनीय मुलाकात) पर बुलाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद युवती मौके से फरार हो गई। बाद में अन्य लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामले में युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया है।

प्रकरण

इच्छा के विरुद्ध शादी तय करने से नाराज थी युवती

पुलिस ने बताया कि घायल युवक रामू नायडू (28) है। वह वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत है। गत दिनों उसकी शादी पुष्पा नाम की युवती से तय हुई थी। दोनों की एक महीने बाद शादी होनी थी। पुलिस ने बताया कि पुष्पा को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, लेकिन उसके परिजनों ने उसकी इच्छा जाने बिना ही जबरन रामू नायडू के साथ उसकी शादी तय कर दी। इससे वह नाराज थी।

योजना

युवती ने बनाई युवक पर हमले की योजना

पुलिस ने बताया कि परिजनों के नहीं मानने से पुष्पा क्रोधित हो गई थी। ऐसे में उसने अपने भावी पति को जान से मारने की योजना बना ली। इसके तहत उसने राम नायडू को फोन कर विशाखापट्टन के चोडावरम गांव में सीक्रेट डेट पर बुला लिया। युवती के फोन से राम नायडू खुश हो गया और वह बिना किसी को बताए पुष्पा से मिलने के लिए रवाना हो गया। उस दौरान उसने होने वाली घटना का कोई अंदाजा नहीं था।

Advertisement

हमला

सरप्राइज गिफ्ट का नाम लेकर किया हमला

पुलिस ने बताया कि नायडू के चोडावरम पहुंचने के बाद पुष्पा उसे एक पहाड़ी पर ले गई और थोड़ी देर बात की। इसके बाद उसने नायडू को सरप्राइज गिफ्ट देने की बात कहकर आंखें बंद करने को कहा। नायडू के ऐसा करते ही पुष्पा ने धारदार हथियार निकालकर उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुष्पा मौके से फरार हो गई और नायडू लहुलुहान हालत में पहाड़ी से नीचे आया। अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

Advertisement

कार्रवाई

पुलिस ने युवती के खिलाफ दर्ज किया मामला

पुलिस ने बताया कि नायडू की शिकायत के आधार पर पुष्पा के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पुष्पा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने कहा कि वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। वह नायडू को पसंद नहीं करती थी और परिजनों को भी इससे अवगत करा दिया था, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। उसने बताया कि शादी से बचने के लिए ही उसने यह कदम उठाया है।

Advertisement